अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस माह (01 अक्टूबर-31 अक्टूबर, 2026) के अंतर्गत ग्राम डाल्हनपुर में वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

*अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस माह (01 अक्टूबर-31 अक्टूबर, 2026) के अंतर्गत ग्राम डाल्हनपुर में वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ब्यूरो चीफ विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

*जौनपुरः* उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर के प्रधानाचार्य प्रो0 (डा0) आर0बी0कमल के दिशा निर्देश मे कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डा0 अनुज सिंह द्वारा ग्राम डाल्हनपुर में अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस माह (01 अक्टूबर-31 अक्टूबर, 2026) के अंतर्गत वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत वृद्धजनों के स्वास्थ्य की जाँच की गई तथा उन्हें वृद्धावस्था में होने वाली सामान्य बीमारियों, जैसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ों में दर्द, दृष्टि एवं श्रवण संबंधी समस्याओं तथा अन्य शारीरिक परेशानियों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि, व्यक्तिगत स्वच्छता, पर्याप्त नींद तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। वृद्धजनों को यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर उसे नजरअंदाज न करें तथा समय से चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करें।

*महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो0 (डॉ0) आर0बी0 कमल* ने अपने संदेश में कहा कि वृद्धजन हमारे परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, ज्ञान और जीवन मूल्यों से समाज को निरंतर मार्गदर्शन मिलता है। इसलिए यह हम सभी का दायित्व है कि वृद्धजनों को सम्मान, सुरक्षा एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ

*मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो0 (डा0) ए0ए0 जाफरी* ने अपने संदेश में कहा कि वृद्धावस्था में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता एवं शारीरिक कार्यक्षमता में परिवर्तन होने के कारण नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और समय पर उपचार अत्यंत आवश्यक हो जाता है। उच्च रक्तचाप, मधुमेह तथा अन्य दीर्घकालिक बीमारियों की नियमित निगरानी से गंभीर जटिलताओं से बचाव किया जा सकता है।

*कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के सहायक आचार्य डा0 अनिल कुमार* ने कार्यक्रम के माध्यम से वृद्धजनों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, नियमित जाँच कराने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। चिकित्सा महाविद्यालय द्वारा आयोजित यह पहल समुदाय तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करने तथा वृद्धजनों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

पूरे स्वास्थ्य स्क्रीनिंग अभियान में डा0 मुदित चौहान, डा0 पूजा पाठक, डा0 नवीन कुमार, डा0 आदर्श मौर्या एवं इन्टर्न आकाश प्रकाश, आकाश शर्मा, अदिति मिश्रा, आदित्य कुमार सिंह तथा कर्मचारी रमाकान्त व सौरभ का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *