दीपावली पर सड़क पर पटाखे फोड़े तो होगी कार्रवाई- पुलिस आयुक्त 

दीपावली पर सड़क पर पटाखे फोड़े तो होगी कार्रवाई- पुलिस आयुक्त

तेज डीजे बजाने वालों पर भी रहेगी नजर, दुकानों और गोदामों की होगी जांच

प्रयागराज। पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने कहा है कल दीपावली पर बाजारों में भीड़ और पटाखों की दुकानों को देखते हुए पुलिस सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करेगी। सड़कों पर आतिशबाजी कर यातायात बाधित करने वालों और तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पटाखों की दुकानों के साथ उनके भंडारण स्थलों की भी जांच होगी। सोमवार रात पुलिस आयुक्त ने रिजर्व पुलिस लाइन्स के त्रिवेणी सभागार में क्राइम मीटिंग के दौरान अधिकारियों को ये निर्देश दिए। बैठक में त्योहार की तैयारियों के अलावा अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं और जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की गई।

दीपावली को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने के लिए कहा गया है। पटाखों की दुकानों और भंडारण स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। सार्वजनिक रास्तों पर आतिशबाजी से हादसों और जाम की आशंका को देखते हुए भी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। शहर में जाम की समस्या को लेकर कार एसेसरीज की दुकानों, गैराज और मैकेनिकों पर भी नजर रखी जाएगी। सड़क पर वाहन खड़े कर मरम्मत या अन्य काम करने से यातायात बाधित होने पर कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा बाजारों, प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था पर नजर रखने के लिए आईट्रिपलसी की मदद ली जाएगी। यहां लगे कैमरों के जरिए यातायात नियम तोड़ने वालों की निगरानी कर कार्रवाई करने को कहा गया है।

पुलिस आयुक्त ने थानों और पुलिस कार्यालयों में आने वाले फरियादियों के साथ शालीनता से पेश आने और उनकी शिकायतों का तय समय में निस्तारण करने के निर्देश दिए। सहायक पुलिस आयुक्त शिकायतों की जांच के बाद संबंधित फरियादियों को फोन करेंगे। उनसे पूछा जाएगा कि पुलिस की कार्रवाई से वे संतुष्ट हैं या नहीं। आईजीआईएस पोर्टल पर मिलने वाली शिकायतों का भी समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को कहा गया है।

क्राइम मीटिंग में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था डॉ. अजयपाल शर्मा, डीसीपी नगर सागर जैन, डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार और डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव मौजूद रहे। इनके अलावा डीसीपी मुख्यालय, यातायात और अपराध, सभी एसीपी, थाना प्रभारी और विभिन्न पुलिस शाखाओं के अधिकारी भी शामिल

हुए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *