(धमतरी) बाढ़ प्रभावितों के लिए प्रशासन मुस्तैद
धमतरी, 26 सितंबर (आरएनएस)। जिले और आसपास के कैचमेंट क्षेत्रों में लगातार बारिश व जलभराव को देखते हुए जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा और अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जलभराव प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों और बाढ़ आपदा भवनों में शिफ्ट किया जा रहा है। ग्राम पंचायत कोलियरी, सलोनी और खरेंगा सहित अन्य क्षेत्रों में प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रशासन की ओर से उन्हें भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इधर, भारी बारिश और जलाशयों से छोड़े गए पानी के कारण क्षतिग्रस्त कोड़ेगांव बी-मोगरागहन मार्ग की जानकारी मिलने पर सीईओ जिला पंचायत जयंत नाहटा ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कर मार्ग को आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को जिलेभर की सड़कों की स्थिति की समीक्षा कर बारिश से क्षतिग्रस्त मार्गों की प्राथमिकता से मरम्मत कराने को कहा। साथ ही जलभराव और सड़क क्षति की स्थानवार जानकारी, आवागमन की स्थिति तथा संपर्क बाधित होने संबंधी रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा राहत-बचाव के साथ सड़क और संपर्क व्यवस्था बहाल करने के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।
००००००

