नहीं रहा आरोग्य मेले का माहौल, रोज की तरह आते रहे मरीज
सोहावल-अयोध्या। रविवार को आयोजित होने वाले जन आरोग्य मेले में मेले का माहौल ही नहीं दिखाई पड़ा। रोज की तरह एक एक करके मरीज आते जाते रहे। मेले का हिस्सा रहे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकगंज में मेले जैसा कुछ नहीं रहा। यहां तैनात किए गए इकलौते चिकित्सक़ इक़बाल और फार्मासिस्ट देव सरन मौर्य ने साथ मिलकर मरीजों को देखा। केंद्र पर कुल 68 मरीज पंजीकृत हुए । इनमें महिलाओं की संख्या ज्यादा रही लेकिन महिला चिकित्सक की नियुक्ति नहीं रही। होम्योपैथिक, आयुर्वेदिक, यूनानी चिकित्सकों की सोहावल में चिकित्सालय होने के बावजूद इनके चिकित्सकों की नियुक्ति मेले में नहीं की गयी। मरीजों के कम आने से प्रतीक्षा हाल लगभग खाली रहा। इमरजेंसी क़क्ष का ताला खुलने की नौबत ही नहीं आयी। पूछे जाने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी आकांक्षा वर्मा ने बताया कि ज्यादातर चिकित्सकों की इमरजेंसी ड्यूटी पुलिस लाइन में लग जाने से आयुष डाक्टरों ने आरोग्य के मेले में अपना योगदान दिया। केंद्र की पैथालाजी सक्रिय रही। शासन से उपलब्ध सभी सेवाएं मरीजों को प्रदान की गई।

