ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा। धर्म, संस्कार और सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं मानव मूल्यों की स्थापना के उद्देश्य से भारत विकास परिषद, नोएडा द्वारा सेक्टर-33 स्थित शिल्प हाट के निकट हेलीपैड ग्राउंड में श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। कथा का आयोजन 3 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक होगा। कथा व्यास एवं प्रसिद्ध भागवत मर्मज्ञ मृदुल कांत शास्त्री जी श्रद्धालुओं को भागवत कथा का रसपान कराएंगे।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में प्रतिदिन करीब 5 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कथा के अवसर पर विभिन्न संत-महात्माओं एवं धर्माचार्यों की उपस्थिति भी रहेगी। कथा पंडाल के लिए भूमि पूजन 21 सितंबर को वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन के साथ संपन्न हो चुका है।
कथा शुभारंभ से पूर्व 2 अक्टूबर को शाम 4 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। विभिन्न बैंड, भजन मंडलियों, बग्गी और घोड़ों के साथ निकलने वाली यात्रा में करीब 1,100 महिलाएं कलश लेकर शामिल होंगी, जबकि कलश शोभायात्रा में लगभग 2,500 श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उपमुख्य अतिथि सांसद डॉ. महेश शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि विधायक पंकज सिंह के शामिल होने की जानकारी दी गई है। आयोजन के मुख्य यजमान डॉ. बी.के. गुप्ता एवं श्रीमती रीना गुप्ता होंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। पर्याप्त पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा गार्ड, पीसीआर तथा करीब 100 स्वयंसेवकों की व्यवस्था रहेगी। प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए भोजन-प्रसाद की भी व्यवस्था की जाएगी। आयोजन में बड़ी संख्या में परिषद के पदाधिकारी, सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
भारत विकास परिषद, नोएडा ने धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने और संतों का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया है।

