ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : नोएडा के सेक्टर-104 स्थित हाजीपुर में अवैध निर्माण के खिलाफ नोएडा प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने कोर्ट के आदेश के बाद करीब 1,000 वर्गमीटर क्षेत्र में बनी बेसमेंट समेत चार मंजिला इमारत को ध्वस्त करना शुरू किया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
बिना अनुमति खड़ी की गई थी इमारत
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार हाजीपुर के खसरा नंबर-412 में यह निर्माण प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में बिना आवश्यक अनुमति और स्वीकृत नक्शे के कराया गया था। जांच में निर्माण नियमों के विपरीत पाए जाने के बाद इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गयी |
अवैध निर्माण को लेकर संबंधित पक्ष को वर्ष 2022 में नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद मामला न्यायालय पहुंचा। अदालत के अंतिम आदेश के बाद अब प्राधिकरण ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की है। अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई से पहले सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया।
भारी पुलिस बल और प्रवर्तन टीम की मौजूदगी में बुलडोजर व अन्य मशीनों से इमारत को चरणबद्ध तरीके से गिराया जा रहा है। पहले छत और स्लैब को तोड़ा गया, इसके बाद भवन के पिलरों को कमजोर कर ढांचे को सुरक्षित तरीके से ध्वस्त किया जा रहा है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति और नियमों के विपरीत किए गए निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

