पत्रकार को अपशब्द कहने वाले डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

पत्रकार को अपशब्द कहने वाले डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

 

अयोध्या।राजर्षि दशरथ स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय में मर्यादाओं को ताक पर रखने का एक गंभीर मामला सामने आया है।यहाँ तैनात ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. डीके सिंह पर एक वरिष्ठ पत्रकार के साथ न केवल अभद्रता करने, बल्कि उन्हें दलाल कहकर अपमानित करने का आरोप लगा है।यह विवाद उस समय गहरा गया जब पत्रकार ने मेडिकल कॉलेज में व्याप्त कथित अनियमितताओं के संबंध में चिकित्सक का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क साधा।आरोप है कि पहले तो डॉक्टर ने फोन नहीं उठाया, लेकिन बाद में स्वयं कॉल बैक कर पत्रकार के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया और उन्हें नीचा दिखाने की कोशिश की।हैरत की बात यह है कि डॉ. सिंह का यह व्यवहार कोई पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी उन पर एक कनिष्ठ अभियंता जेई राजेश कुमार को जूता लेकर मारने के लिए दौड़ाने का सनसनीखेज आरोप लग चुका है।उस समय भी इस खबर को संबंधित पत्रकार द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था।जिसे चिकित्सक ने अपनी व्यक्तिगत रंजिश का आधार बना लिया। इस बार जब पत्रकार ने उनके दुर्व्यवहार की शिकायत जिलाधिकारी से करने की चेतावनी दी, तो सत्ता और पद के मद में चूर डॉक्टर ने कथित तौर पर दो टूक कहा कि वे किसी से नहीं डरते, चाहे शिकायत मुख्यमंत्री तक पहुँच जाए।इस घटना ने चौथे स्तंभ के सम्मान पर गहरी चोट की है, जिससे स्थानीय मीडिया जगत में भारी आक्रोश है। पीड़ित पत्रकार ने इस मामले को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी और शासन के वरिष्ठ अधिकारियों से लिखित शिकायत करने का निर्णय लिया है। प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा है कि यदि इस अहंकारी आचरण के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो आगामी सोमवार से सदर तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। अब देखना यह है कि प्रशासन एक लोक सेवक के इस बेलगाम व्यवहार पर क्या रुख अपनाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *