परीक्षा केंद्रों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
गर्मी से राहत के लिए परीक्षा केंद्रों पर गुड़ और शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था
सीसीटीवी निगरानी के बीच निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा पर जोर
शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित परीक्षा संचालन के लिए प्रशासन द्वारा की जा रही सतत निगरानी
जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र द्वारा उत्तर प्रदेश होमगार्ड इनरोलमेंट परीक्षा-2025 के दूसरे दिन आज द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा जनक कुमारी इंटर कॉलेज, मुक्तेश्वर बालिका इंटर कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों पर भ्रमणशील रहकर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
जिलाधिकारी ने गर्मी के दृष्टिगत परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए पर्याप्त गुड़ और पेयजल की व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता एवं परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल और गुड़ उपलब्ध रहे। इस दौरान संबंधित परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य को जिलाधिकारी द्वारा गुड़ भेंट किया गया तथा इसका परीक्षार्थियों में वितरण कराने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि मा0 मुख्यमंत्री जी तथा मुख्य सचिव के निर्देश के क्रम में गर्मी से राहत हेतु सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों हेतु गुड़ और शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की गई है, इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों के लिए भी गुड़ और पेयजल की व्यवस्था की गई है। नगर पालिका द्वारा पेयजल हेतु टैंकर लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों और सुरक्षा कर्मियों से संवाद भी किया तथा गुड़ और पानी का वितरण कराया।
जिलाधिकारी के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल एवं व्यवस्थित संचालन हेतु जिलाधिकारी द्वारा स्वयं भी तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा भ्रमणशील रहते हुए सतत निगरानी की जा रही है।
आज प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान 8400 में 6528 परीक्षार्थी तथा द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान 8400 में 6499 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।
————-

