ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा, 13 सितंबर। राजस्थान एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ भाजपा नेता कलराज मिश्र की धर्मपत्नी श्रीमती सत्यवती मिश्र का शनिवार देर रात नोएडा के एक अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।
रविवार सुबह उनका पार्थिव शरीर नोएडा के सेक्टर-51 स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा कलराज मिश्र और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
श्रीमती सत्यवती मिश्र का अंतिम संस्कार रविवार दोपहर करीब एक बजे नोएडा के सेक्टर-94 स्थित अंतिम निवास स्थल पर किया गया। परिवारजनों, रिश्तेदारों और बड़ी संख्या में मौजूद शुभचिंतकों की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार हुआ।
अंतिम दर्शन के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय संगठक नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण सिंह, एमएलसी विजय बहादुर पाठक, वीरेंद्र तिवारी सहित कई वरिष्ठ नेता पहुंचे।
श्रीमती सत्यवती मिश्र के अस्वस्थ रहने के दौरान उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने भी अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। निधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित कई नेताओं ने फोन पर कलराज मिश्र से बात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित अनेक नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की। दिनभर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों की ओर से शोक संवेदनाएं व्यक्त करने का सिलसिला जारी रहा।

