बारात पर ताबड़तोड़ फायरिंग, दूल्हे की मौत से मचा कोहराम

बारात पर ताबड़तोड़ फायरिंग, दूल्हे की मौत से मचा कोहराम

देश की उपासना समाचार पत्र,

धनन्जय विश्वकर्मा

जौनपुर।

सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बारात पर नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में दूल्हा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत और परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव निवासी रामलखन का 21 वर्षीय पुत्र आजाद की बारात शुक्रवार को खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव जा रही थी। बारात सकुशल अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही थी, तभी मनेछा गांव के समीप अचानक मोटरसाइकिल सवार नकाबपोश बदमाशों ने बारात में शामिल कार को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग में दूल्हा आजाद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में घायल दूल्हे को निजी वाहन से जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। खेतासराय थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है और घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, शादी की खुशियां मातम में बदलने से दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *