बारिश का कहर: गोपालपुर में घरों में घुसा पानी, कभी भी ढह सकते हैं मकान; दूसरे के घरों में रहने को मजबूर ग्रामीण
मड़िहान, मीरजापुर। थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर में लगातार बारिश से हालात बदतर हो गए हैं। पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी घरों में घुस गया है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब भी बारिश होती है, पूरा पानी बस्ती में जमा हो जाता है और आसपास के कई घरों में घुस जाता है। जलभराव के कारण कच्चे मकानों के गिरने का खतरा बना हुआ है। डर के चलते कई परिवार अपने घर छोड़कर दूसरे लोगों के घरों में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बस्ती में पानी निकासी का कोई उचित रास्ता नहीं है। लगातार जलभराव के कारण मकानों की नींव कमजोर हो रही है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने और जर्जर मकानों की जांच कराकर सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बारिश के बीच किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में डीसीएम ट्रक पलटा, ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल
लालगंज, मीरजापुर। थाना क्षेत्र के मिश्रपुर गांव के पास वाराणसी रीवा राष्ट्रीय मार्ग पर बुधवार को सायंकाल साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में डीसीएम ट्रक पलट गया। जिसमें ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे राहगीरों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज में भर्ती कराया गया है। ट्रक चालक की पहचान 35 वर्षीय विवेक कुमार यादव निवासी बोधी पट्टी जिला जौनपुर का बताया जा रहा है। लालगंज थाना क्षेत्र के मिश्रपुर गांव में स्थित राष्ट्रीय मार्ग 135 पर साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में मध्य प्रदेश से वाराणसी की ओर जा रहा डीसीएम ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें डीसीएम चालक विवेक कुमार यादव घायल हो गया और राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया गया, जहां पर उपचार जारी है। चिकित्सकों ने बताया कि स्थिति समान है उपचार किया जा रहा है।

