बारिश में पूरी तरह धंसी सड़क, आवागमन ठप, शिकायत के बाद भी अधिकारी बेखबर

बारिश में पूरी तरह धंसी सड़क, आवागमन ठप, शिकायत के बाद भी अधिकारी बेखबर
मड़िहान, मीरजापुर। तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा पतेर गढ़वा के सुगापाख मुख्य मार्ग पर महेश प्रजापति के घर के पास बारिश से क्षतिग्रस्त हुई पक्की सड़क अब पूरी तरह धंस चुकी है। सड़क धंसने से ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो गया है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ संबंधित अधिकारियों को भी कई बार अवगत कराया गया, लेकिन हफ्तों बीत जाने के बाद भी कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने नहीं पहुंचा। ग्रामीणों में इस लापरवाही को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि जब शिकायत के बावजूद अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेंगे तो आखिर ग्रामीण अपनी समस्या किसके सामने रखें? सड़क पूरी तरह धंसने के कारण हादसे का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *