भारी बारिश से ड्रमंडगंज घाटी में हुआ भूस्खलन,टीम मलबा हटाने में जुटी 

भारी बारिश से ड्रमंडगंज घाटी में हुआ भूस्खलन,टीम मलबा हटाने में जुटी
*घाटी में नेशनल हाइवे की सड़क में आई दरारें, सड़क धंसने की बनी आशंका
ड्रमंडगंज, मीरजापुर। मंगलवार की रात व बुधवार दोपहर में हुई तेज बारिश से ड्रमंडगंज घाटी में भूस्खलन होने से घाटी में मध्यप्रदेश की ओर जाने वाले लेन पर जगह-जगह पत्थरों व मिट्टी का मलबा गिर पड़ा।पहाड से गिरे पत्थरों व मिट्टी के मलबा को हटाने में एनएचएआई तथा कार्यदाई संस्था डीबीएल कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मी जुटे रहे।बड़का मोड़ घुमान से सौ मीटर आगे मध्यप्रदेश की ओर जाने वाले लेन की सड़क में करीब तीस मीटर तक दरारें आ गई है और सड़क हल्की सी धंस गई है। यदि बारिश तेज हुई तो सड़क धंसने की आशंका बनी हुई है। घाटी में चुनहवा मोड़ के पास करंज का पेड़ व चट्टानों के गिरने की सूचना पर पहुंची एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंचकर मलबा को जेसीबी मशीन से हटवाने में लगी रही। बारिश तेज होने से घाटी में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। पहाड़ से पत्थरों व चट्टानों के लगातार गिरने से घाटी से गुजरने वाले वाहन चालकों बड़ी सावधानी से आवागमन कर रहे हैं। इस संबंध में एनएचएआई के सहायक अभियंता अशोक कुमार सिंह ने बताया कि भारी बारिश से ड्रमंडगंज घाटी में नेशनल हाईवे पर गिरे मलबा को हटाने में टीम लगी हुई है देर शाम तक मलबा को साफ कर लिया जाएगा। सड़क में आई दरारों को जल्द ही दुरूस्त कराया जाएगा।
भारी बारिश से लहुरियादह में कई कच्चे मकान हुए धराशाई
*प्लास्टिक की पन्नी लगाकर रहने को विवश, ग्रामीणों ने मुआवजे की किया मांग
ड्रमंडगंज, मीरजापुर। क्षेत्र के देवहट ग्राम पंचायत के लहुरियादह गांव में मंगलवार की रात हुई तेज बारिश में कई ग्रामीणों के कच्चे मकान क्षतिग्रस्त व धराशाई हो गए।लहुरियादह गांव निवासी गुजरतिया देवी का जर्जर कच्चा मकान मंगलवार की रात में पूरी तरह से जमींदोज हो गया। मकान जर्जर होने के चलते बारिश से बचाव हेतु विधवा गुजरितया देवी एक माह से प्लास्टिक की पन्नी लगाकर अपना गुजारा कर रही हैं। बुजुर्ग गुजरतिया देवी ने सरकारी आवास दिए जाने की मांग की है। इसी तरह लहुरियादह गांव निवासी बिहारी लाल कोल,संजीरा कोल, मौजी लाल, राजू यादव, लाल बहादुर यादव व वीरेंद्र कोल के कच्चे मकान गिर पड़े हैं। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे ग्राम प्रशासक कौशलेंद्र गुप्ता व लेखपाल नवीन पाठक ने पीड़ितो को शासन से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
कटरा जंगल में चहलकदमी कर रहा हाथियों का जोड़ा, वन विभाग की टीम कर रही निगरानी
ड्रमंडगंज, मीरजापुर। मध्यप्रदेश के बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान से चलकर ड्रमंडगंज वनरेंज के जंगलों में पहुंचे हाथियों का जोड़ा पांचवें दिन बुधवार को लहुरियादह व कटरा के जंगलों में चहलकदमी करते रहे। रेंजर रविशंकर शर्मा, वनदारोगा कुमार कार्तिकेय, अखिलेश्वर दुबे, अभिषेक सिंह वनरक्षक अनादि नाथ तिवारी वनविभाग की टीम के साथ हाथी और हथिनी की लगातार लोकेशन लेते रहे। वनविभाग की टीम को दोपहर में हाथियों का जोड़ा प्रयागराज जिले की सीमा से सटे कटरा जंगल में दिखाई दिया। वनविभाग की टीम जंगल से सटे गांवों में पहुंचकर लोगों को हाथियों से बचाव हेतु सतर्कता बरतने की अपील की।रेंजर ड्रमंडगंज रविशंकर शर्मा ने बताया कि हाथियों का जोड़ा लहुरियादह व कटरा जंगल में दिखाई दिया है। जीपीएस ट्रैकर मशीन से दोनों हाथियों की लोकेशन ली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *