महाअष्टमी के दिन भाजपा कार्यालय में अभय सिंह का अभिनंदन, संगठन की मजबूती पर जोर
-बिजली गुल होने पर वैश्य विनोद जायसवाल ने की 25 किलोवाट के साइलेंट जनरेटर की घोषणा
अयोध्या। शारदीय नवरात्र की अष्टमी के अवसर पर रविवार को सहादतगंज स्थित भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। गोसाईगंज विधायक अभय सिंह के भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी कार्यालय पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया। धार्मिक पर्व के माहौल के बीच आयोजित इस स्वागत कार्यक्रम को पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और आपसी समन्वय के नजरिये से महत्वपूर्ण माना गया। विधायक अभय सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नीतियों, विचारधारा और राष्ट्रहित के संकल्प से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी के साथ जुड़ने का निर्णय लिया है। उनका प्रयास रहेगा कि पार्टी के नेतृत्व में जनसेवा और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से मिले स्वागत एवं सम्मान के लिए आभार जताया। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित, विकास और जनसेवा के संकल्प के साथ काम करने वाला संगठन है। सभी को मिलकर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि सेवा और समर्पण की भावना से किए गए सामूहिक प्रयास समाज को आगे बढ़ाते हैं। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आपसी समन्वय आवश्यक है। जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जनहित और संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वागत करने वालों में विधायक चन्द्रभानु पासवान, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शक्ति सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, शैलेन्द्र कोरी, शिवेन्द्र सिंह, परमानंद मिश्र, राघवेन्द्र पाण्डेय, अशोक कसौंधन, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ब्लाक प्रमुख पवन सिंह, फयाराम वर्मा, कप्तान सिंह, अभिषेक सिंह, पप्पू सिंह, तिलकराम मौर्या, अखंड प्रताप सिंह डिम्पल, बालकष्ण वैश्य, शशि प्रताप सिंह, रीना द्विवेदी, प्रवीण दुबे, शिवम् शुक्ला, सहित बडी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे। सहादतगंज स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान फाल्ट के कारण अचानक बिजली गुल होने से व्यवधान उत्पन्न हो गया। कुछ देर तक असहजता का माहौल रहा। इस स्थिति को देखते हुए भाजपा नेता वैश्य विनोद जायसवाल ने पार्टी कार्यालय के लिए 25 किलोवाट का साइलेंट जनरेटर देने की घोषणा की। उनके इस कदम से भविष्य में बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में कार्यक्रमों के संचालन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। जनरेटर की व्यवस्था होने से पार्टी कार्यालय में आयोजित होने वाले बैठकों और अन्य कार्यक्रमों को निर्बाध रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी।

