माता-पिता की सेवा से होती है जीवन में श्री की प्राप्ति — रविशंकर जी महाराज

माता-पिता की सेवा से होती है जीवन में श्री की प्राप्ति — रविशंकर जी महाराज
शिव महापुराण कथा में मल्लिकार्जुन व महाकाल ज्योतिर्लिंग की महिमा का हुआ वर्णन, धूमधाम से मनाया गया गणपति प्राकट्य उत्सव
गोण्डा। सावन मास के पावन अवसर पर गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी छठी बार गोनार्द लॉन में शिव महापुराण कथा एवं पार्वती पूजन का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के चतुर्थ दिवस पर पीठाधीश्वर संत कथा व्यास श्री रविशंकर जी महाराज गुरुभाई के सानिध्य में बाबा बैद्यनाथ समिति एवं पंचवटी श्री सीताराम आश्रम परिवार, गोण्डा की ओर से आयोजित श्री शिव महापुराण कथा एवं सवा लाख पार्थिव पूजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
कथा के दौरान श्री रविशंकर जी महाराज ने द्वितीय ज्योतिर्लिंग के रूप में श्रीशैल पर्वत पर स्थित भगवान मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग की महिमा एवं कथा का विस्तार से वर्णन किया। साथ ही तृतीय ज्योतिर्लिंग उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग की विशेषता एवं उसके प्राकट्य की कथा का भी श्रद्धालुओं को श्रवण कराया।
कथा व्यास ने शिव परिवार की महिमा बताते हुए कहा कि “माता-पिता ही त्रिलोक हैं। जो व्यक्ति अपने माता-पिता की सच्चे मन से सेवा करता है, उसके जीवन में सुख-समृद्धि और श्री की प्राप्ति होती है।” उन्होंने भगवान कार्तिकेय एवं भगवान गणपति के प्राकट्य की कथाओं का भी भावपूर्ण वर्णन किया। इस अवसर पर गणपति प्राकट्य उत्सव बड़े ही धूमधाम और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया।
शिव महापुराण कथा में मुख्य यजमान संतोष सोनी एवं आरती सोनी रहे। इस अवसर पर संदीप मल्होत्रा, दीपक मराठा, रवि सोनी, अमित सोनी, संजय रस्तोगी, राकेश कसौधन, शिवशंकर सोनी, सोम सोनी, शिवकुमार सोनी, देवेंद्र सोनी, गोविंद महाराज, राहुल शर्मा, सूर्य प्रकाश सोनी, भूपेंद्र आर्य, रामशंकर कसौधन, आयुष सोनी, माया सोनी, कनकलता सोनी, ममता सोनी, रंजना सोनी, आंचल सोनी, सीमा रस्तोगी, सोनिया रस्तोगी सहित भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *