मुट्ठीगंज में खूनी संघर्ष, लगातार दूसरे दिन मारपीट पथराव
मटकी फोड़ प्रतियोगिता में एक दिन पहले हुए झगड़े को लेकर बोला धावा, ईंट-पत्थर चले
प्रयागराज। मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार की रात पहले मटकी फोड़ प्रतियोगता के दौरान हुए झगड़े को लेकर दो गुट रविवार की फिर आमने- सामने हो गए। इस बार विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। 24 घंटे के भीतर रविवार को लगातार दूसरी बार जमकर बवाल हुआ।
यहां दोनों तरफ से लाठी-डंडों के साथ ही जमकर ईंट-पत्थर भी चले। इसमें दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
यह घटना रामभवन चौराहे के पास हुई। घायल दोनों युवकों में विशाल अग्रहरि (35) और नितेश केसरवानी (30) शामिल हैं। इनमें से एक का जबड़ा टूट गया है, जबकि दूसरे के हाथ-पैर व सिर में गंभीर चोट पहुंची है। पुलिस देर रात तक हमलावरों की तलाश में दबिश देती रही।
घटना रविवार रात 9:30 बजे के करीब हुई। यहां 15-20 युवक लाठी-डंडों और लोहे की रॉड लेकर रामभवन चौराहे पर पहुंचे और मोहल्ले में ही रहने वाले स्थानीय लड़कों को ललकारने लगे। इस पर दूसरी ओर से भी बड़ी संख्या में युवक जुट गए। इसके बाद दोनों पक्षों में गाली-गलौज शुरू हुई और फिर देखते ही देखते दोनों पक्ष एक-दूसरे पर टूट पड़े।
दोनों पक्ष के युवकों ने एक दूसरे को लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। इससे भी मन नहीं भरा तो ईंट-पत्थर चलाने लगे। करीब 15 मिनट तक दोनों ओर से पथराव होता रहा। इस दौरान सड़क जंग का मैदान बनी रही। सरेआम हुई इस घटना से मोहल्ले में दहशत फैल गई और स्थानीय लोग भी घरों में दुबक गए। करीब 15 मिनट बाद मामला शांत हुआ तो मोहल्ले के ही विशाल और नितेश गंभीर रूप से जख्मी हाल में सड़क पर पड़े मिले।
सूचना पर पुलिस पहुंची और फिर दोनों को निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर लिया। थानाध्यक्ष मुट्ठीगंज मनोज कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो फुटेज से कुछ हमलावर लड़कों की पहचान हुई है। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

