मेधावी छात्र सम्मान समारोह में प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, विद्यार्थियों को सफलता और नेतृत्व का दिया गया मंत्र
हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में जौनपुर के मेधावी विद्यार्थियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
लखनऊ से आयोजित मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश स्तर पर मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में मा0 विधायक जफराबाद श्री जगदीश नारायण राय, एमएलसी श्री ब्रजेश सिंह “प्रिंसु”, जिलाध्यक्ष मछलीशहर श्री अजीत प्रजापति, जिलाध्यक्ष जौनपुर डा0 अजय सिंह, जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन, मुख्य विकास अधिकारी श्री ध्रुव खाड़िया सहित सम्मानित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं की उपस्थिति में देखा गया तथा मा0 मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन को सुना गया। इसके उपरांत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जनपद स्तरीय मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन कर हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद के वर्ष 2026 की हाई स्कूल परीक्षा में श्री राम प्रसाद संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोपालपुर सिकरारा के छात्र विजय यादव के द्वारा 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राज्य स्तर पर चतुर्थ स्थान प्राप्त करने पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा प्रशस्ति-पत्र, चेक व मेडल देकर सम्मानित किया गया। यह पल जनपद के लिए गौरव का क्षण रहा।
हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 की जनपद स्तरीय मेधा सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
हाई स्कूल परीक्षा में जनपद में पंजीकृत अभ्यर्थियों 77043, परीक्षा में सम्मिलित 73536 जिसमें उत्तीर्ण 66234, उत्तीण प्रतिशत 90.07 रहा। हाईस्कूल (कक्षा-10) की जनपद स्तरीय मेधा सूची में जनता बालिका इंटर कॉलेज, बनगांवपट्टी, बदलापुर के छात्र राजशेखर सिंह ने 95.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं मथुरा प्रसाद उ०मा०वि०, सुरेरी के उत्कर्ष पटेल ने 95.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय तथा अनार कली यादव इंटर कॉलेज, बटाउबवीर, ठाकुरगंज के आदित्य यादव ने 95.00 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त श्री शिव नारायण इंटर कॉलेज, गोपालापुर की वर्षा पटेल ने 94.67 प्रतिशत, श्री राम निरंजन इंटर कॉलेज, कचगांव की अनन्या सिंह ने 94.50 प्रतिशत, हरिहर सिंह पब्लिक स्कूल के हर्षित कुमार यादव ने 94.50 प्रतिशत, जय हिन्द इंटर कॉलेज, तेजीबाजार की साक्षी सिंह ने 94.33 प्रतिशत, राजाराम मेमोरियल इंटर कॉलेज, नौपेड़वा बाजार के कार्तिक गुप्ता ने 94.33 प्रतिशत, श्री शिव गोविंद इंटर कॉलेज, बरहटा, मछलीशहर की आख्या यादव ने 94.17 प्रतिशत तथा राजाराम मेमोरियल इंटर कॉलेज, नौपेड़वा बाजार की अनुष्का यादव ने 94.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद की मेधा सूची में स्थान बनाया।
इसी प्रकार इंटरमीडिएट में जनपद में पंजीकृत अभ्यर्थियों 76991, परीक्षा में सम्मिलित 73736 जिसमें उत्तीर्ण 54937, उत्तीण प्रतिशत 74.47 रहा। इंटरमीडिएट (कक्षा-12) की जनपद स्तरीय मेधा सूची में राम आधार यादव इंटर कॉलेज, रसूलपुर के छात्र रजनीश श्रीवास्तव ने 91.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। ग्राम विकास इंटर कॉलेज खुटहन के हिमांगिनी यादव ने 90.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि मो० हसन इंटर कॉलेज के अनुप पाल एवं नागरिक इंटर कॉलेज, जंघई की अलका मिश्रा ने 90.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त सरस्वती इंटर कॉलेज, उचगांव के साकेत तिवारी एवं टीडी इंटर कॉलेज की अनुराधा विश्वकर्मा ने 89.80 प्रतिशत, श्री गणेश राय इंटर कॉलेज, डोभी की प्रज्ञा सिंह ने 89.60 प्रतिशत, राम आधार सिंह इंटर कॉलेज, रामपुर दवन सिंह करंजाकला की महक सिंह ने 89.40 प्रतिशत, राम दुलार इंटर कॉलेज, अहमदपुर के शिवम यादव ने 89.20 प्रतिशत तथा अशोक इंटर कॉलेज की अंकिता मौर्या, फौजदार इंटर कॉलेज, मछलीशहर के प्रांजल यादव, नेहरू बालोद्यान इंटर कॉलेज के अभिनव यादव एवं हरिहर सिंह पब्लिक स्कूल की शीतल प्रजापति ने 89.00 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद की मेधा सूची में अपना स्थान सुनिश्चित किया। समस्त मेधावी छात्रों को मा0 विधायक जी, मा0 एमएलसी, जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा चेक, प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मा0 विधायक जफराबाद ने कहा कि मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके सफल परिश्रम की सराहना की तथा उन्हें और उनके परिजनों को शुभकामनाएं देते हुए छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
मा0 एमएलसी ने अपने सम्बोधन में कहा कि मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार एवं आधुनिकीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसका सकारात्मक परिणाम यह है कि प्रदेश के विद्यार्थी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में माता-पिता, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान होता है।
उन्होंने कहा कि जनपद के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं उत्कृष्टता की राह पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि आज सम्मानित हो रहे छात्र-छात्राएं जनपद, प्रदेश एवं राष्ट्र का गौरव हैं तथा उनकी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
मा0 जिलाध्यक्ष जौनपुर एवं मछलीशहर ने विशेष रुप से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों की यह उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा गया कि सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत एवं प्रतिभा के बल पर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यही छात्र भविष्य में चिकित्सा, इंजीनियरिंग, प्रशासनिक सेवाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन करेंगे।
जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल शैक्षणिक उपलब्धियां ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व विकास भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रभावी संवाद कौशल, निर्णय लेने की क्षमता तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करने की सलाह देते हुए कहा कि यही गुण उन्हें भविष्य की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करने में सक्षम बनाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में अभिव्यक्ति क्षमता बढ़ाने, नियमित अध्ययन करने तथा नेतृत्व के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी मेधावी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। साथ ही आशा व्यक्त की गई कि ये छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा, ज्ञान और परिश्रम के बल पर जनपद जौनपुर, उत्तर प्रदेश तथा देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
———

