ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा, 24 सितंबर। उत्तर प्रदेश को वैश्विक सोर्सिंग हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) 2026 का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा। प्रदेश के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि इस बार ट्रेड शो में 2,400 से अधिक प्रदर्शक, 85 देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार, 1.5 लाख से अधिक बीटूबी ट्रेड विजिटर्स और करीब 4.5 लाख सामान्य आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
मंत्री ने कहा कि यूपीआईटीएस प्रदेश के उद्यमियों, निर्माताओं, निर्यातकों और कारोबारियों को देश-विदेश के बाजारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है। इस वर्ष ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम सहित छह पार्टनर देश भाग ले रहे हैं। इससे व्यापार साझेदारी, तकनीकी सहयोग, निवेश और नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच के अवसर बढ़ेंगे। अब तक 72 देशों से विदेशी खरीदारों के पंजीकरण हो चुके हैं। एफआईईओ के होस्टेड बायर प्रोग्राम के जरिए आयातकों, वितरकों, रिटेलर्स, सोर्सिंग एजेंट्स और प्रोक्योरमेंट प्रमुखों को भी जोड़ा जा रहा है।
यूपीआईटीएस में उत्तर प्रदेश के एमएसएमई, ओडीओपी, हस्तशिल्प, हैंडलूम, टेक्सटाइल्स, कृषि, फूड प्रोसेसिंग, ऑटोमोबाइल, ईवी, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, रक्षा, स्वास्थ्य, फार्मास्यूटिकल्स, पर्यटन, रियल एस्टेट, लॉजिस्टिक्स, रिन्यूएबल एनर्जी सहित विभिन्न क्षेत्रों की क्षमता प्रदर्शित की जाएगी। वहीं, इस बार ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन’ को भी विशेष पहचान दी जाएगी, जिसके जरिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजनों और पाक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
पांच दिवसीय आयोजन में बीटूबी मैचमेकिंग, बिजनेस मीटिंग्स, नॉलेज सेशंस, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव परफॉर्मेंस, फैशन शो, अवॉर्ड्स और लेजर शो जैसी गतिविधियां होंगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल ट्रेड, फूड प्रोसेसिंग, एमएसएमई और ग्लोबल फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स जैसे विषयों पर विशेषज्ञ चर्चा भी होगी। यूपीआईटीएस ऐप के जरिए खरीदार और प्रदर्शक कारोबारी अवसरों की पहचान करने के साथ पहले से बीटूबी बैठकों की योजना बना सकेंगे।
पिछले संस्करण की सफलता के आधार पर इस बार आयोजन का दायरा और बढ़ाया गया है। वर्ष 2025 के यूपीआईटीएस में 5,07,099 आगंतुक पहुंचे थे और 2,228 प्रदर्शकों ने 35 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में हिस्सा लिया था। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2025 संस्करण में 2,400 से अधिक एमओयू के जरिए करीब ₹1,882 करोड़ के समझौते तथा ₹11,200 करोड़ से अधिक की बिजनेस इन्क्वायरी दर्ज की गई थी। यूपीआईटीएस 2026 का उद्देश्य व्यापार और निवेश के साथ उत्तर प्रदेश की संस्कृति, खान-पान, नवाचार और उद्यमशीलता को वैश्विक बाजार से जोड़ना है।

