यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर जौनपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी अलर्ट, चलाया विशेष सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान
जौनपुर,10 जून । यूपी के जौनपुर में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के मद्देनजर जौनपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार को जीआरपी ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करते हुए विशेष चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया। जीआरपी इंस्पेक्टर सुनील कुमार गौड़ के नेतृत्व में स्टेशन परिसर, प्लेटफार्मों और यात्री प्रतीक्षालयों में सघन निगरानी की गई तथा परीक्षार्थियों और यात्रियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।
भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी जौनपुर पहुंचे हैं। इसे देखते हुए जीआरपी ने स्टेशन पर विशेष सतर्कता बरतते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखी। अभियान के दौरान परीक्षार्थियों को अपने मोबाइल फोन, दस्तावेज और सामान की सुरक्षा को लेकर जागरूक किया गया। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
जीआरपी इंस्पेक्टर सुनील कुमार गौड़ ने बताया कि भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। स्टेशन परिसर में लगातार गश्त की जा रही है और आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की जांच भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जीआरपी का उद्देश्य यात्रियों और परीक्षार्थियों को सुरक्षित, भयमुक्त एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान स्टेशन पर ठहरे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। बाहर से आए परीक्षार्थियों को आवश्यक सहायता और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अभियान के दौरान जीआरपी जवानों ने प्लेटफार्मों पर पहुंचकर यात्रियों और अभ्यर्थियों से संवाद किया तथा उन्हें जेबकतरों, ठगों और अन्य असामाजिक तत्वों से सावधान रहने की सलाह दी। जीआरपी की इस पहल को यात्रियों और अभ्यर्थियों ने सराहा। भर्ती परीक्षा के दौरान रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जीआरपी पूरी तरह मुस्तैद नजर
आई।

