राखी प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा, विजेताओं को मिले पुरस्कार
अयोध्या (DKU live ब्यूरो चीफ) सुरेंद्र कुमार। अयोध्या पब्लिक सेवा संस्थान की ओर से बच्चों में रचनात्मकता, संस्कार और भारतीय पर्वों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राखी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहर के वीएन अकादमी, टीपी कॉन्वेंट स्कूल और विमला देवी इंटर कॉलेज के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और हुनर का परिचय देते हुए आकर्षक एवं सुंदर राखियां तैयार कीं। बच्चों की प्रतिभा और मेहनत का मूल्यांकन करने के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का काम करती हैं। संस्था की ओर से सामाजिक, शैक्षिक और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों एवं समाज के हित में लगातार किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की गई।
कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक राकेश श्रीवास्तव, अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, विमला देवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश दुबे, डायरेक्टर राजेश तिवारी समेत विद्यालयों के शिक्षक एवं स्टाफ मौजूद रहे। आयोजकों ने सभी प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

