राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला

राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला
लखनऊ।(आरएनएस ) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की रकम से जुड़े मामले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मामले की शुरुआती जांच में सामने आए आंकड़ों में बढ़ोतरी ने पूरे प्रकरण को और गंभीर बना दिया है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं द्वारा धर्म और मंदिर के विकास के लिए दिए गए धन की कथित हेराफेरी बेहद गंभीर और निंदनीय है।अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या में इस मामले को लेकर भाजपा और उसके करीबियों की भूमिका की चर्चा हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे प्रकरण ने भाजपा की कार्यप्रणाली और सरकारी व्यवस्था की निगरानी पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ जो धन मंदिर और धार्मिक कार्यों के लिए दिया, उसके दुरुपयोग की कोई भी घटना बेहद गंभीर है और इससे देश-विदेश में रहने वाले सनातन समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचती है।सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में यदि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के चढ़ावे की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं तो इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े धन की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार तथा संबंधित संस्थाओं का दायित्व है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि इस प्रकरण के कारण भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास प्रभावित हुआ है।उन्होंने कहा कि आने वाला चुनाव भाजपा के खिलाफ संघर्ष का बड़ा अवसर होगा। अखिलेश यादव ने कहा कि धर्म और आस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच जो सवाल उठ रहे हैं, उनका जवाब सरकार और भाजपा को देना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के विरुद्ध राजनीतिक संघर्ष अब और तेज होगा और इसे धर्म तथा आस्था की रक्षा से जोड़कर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *