(लाहौर)पाकिस्तान : पंजाब में हाईवे पर यात्री बस पलटने से 10 की मौत, 44 घायल
लाहौर ,21 अक्टूबर ,। पाकिस्तान में बुधवार को सड़क हादसे में 10 की मौत हो गई जबकि 44 लोग घायल हो गए। स्थानीय मीडिया ने पुलिस और रेस्क्यू प्रोवाइडर के हवाले से इसकी जानकारी दी। मीडिया आउटलेट डॉन ने पाकिस्तान की एक प्रमुख आपातकालीन सेवा रेस्क्यू 1122 के हवाले से बताया, राजनपुर जिले की रोजहान तहसील में सिंधु हाईवे पर एक यात्री बस सड़क के डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई और 44 अन्य घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक यह हादसा सुबह करीब 5:45 बजे बांग्ला हिदायत इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि बस की गति तेज थी और वो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। जियो न्यूज ने बताया कि बस कराची से डेरा गाजी खान जा रही थी।
रेस्क्यू 1122 ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि मृतकों में सात पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्ची शामिल हैं।
घायलों में से 38 लोगों का इलाज राजनपुर जिला मुख्यालय (डीएचक्यू) अस्पताल में किया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल चार लोगों को डेरा गाजी खान और दो अन्य गंभीर घायलों को रहीम यार खान के शेख जायद अस्पताल रेफर किया गया।
रेस्क्यू 1122 ने बताया कि इमरजेंसी कॉल मिलने के तुरंत बाद उन्होंने कार्रवाई की और राजनपुर, जामपुर तथा रोजहान से 10 एम्बुलेंस और दो बचाव वाहन मौके पर भेजे। इस बचाव अभियान में 35 बचावकर्मी शामिल थे।
राजनपुर के डिप्टी कमिश्नर (डीसी) इमरान रंझा, जिला पुलिस अधिकारी और असिस्टेंट कमिश्नर भी मौके पर पहुंचे, ताकि स्थिति का जायजा लिया जा सके और बचाव कार्यों में समन्वय किया जा सके।
डीसी रंझा ने डॉन को बताया कि बस ड्राइवर (जो घटना के बाद मौके से भाग गया था) और बस के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, पाकिस्तान में राजमार्गों और मोटरवे पर हो रही दुर्घटनाओं के मुख्य कारणों में तेज रफ्तार, लापरवाही से गाड़ी चलाना, ड्राइवर की थकान और वाहनों का खराब रखरखाव शामिल है। इसके अलावा, सड़कों की खराब हालत भी ऐसी घटनाओं का एक बड़ा कारण बनती है।
यह घटना मुल्तान में एक तेज रफ्तार कार के सड़क डिवाइडर से टकराने के दो दिन बाद हुई है। सोमवार को मुल्तान के बोसन रोड पर हुए सड़क हादसे में 20-25 साल की उम्र के पांचों युवकों की मौत हो गई थी। उनकी तेज रफ्तार टोयोटा कोरोला कार पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई, फिर पास के एक प्लॉट की दीवार से जा भिड़ी, जिसके बाद उसमें आग लग गई थी।
रेस्क्यू 1122 के अनुसार, पूरे पंजाब में हर दिन सड़क हादसों के लगभग 1,352 मामले सामने आते हैं, जिनमें औसतन 14 लोगों की मौत हो जाती है।
00
(मेलबर्न)ऑस्ट्रेलियाई सांसद ने दूसरा पैर भी गंवाया : आरोपी को जमानत नहीं, राजनीतिक माहौल पर पुलिस ने जताई चिंता
मेलबर्न ,21 अक्टूबर ,। ऑस्ट्रेलिया की निर्दलीय सांसद हेलेन हेन्स की जान बचाने के लिए उनका दूसरा पैर भी काटना पड़ा। हेन्स के पति फिल ने इसकी जानकारी दी। वहीं पुलिस ने देश में बदलते राजनीतिक माहौल को लेकर फिक्र जाहिर की है। उनके पति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनका हेल्थ अपडेट दिया। उन्होंने कहा, हेलेन के दूसरे पैर को काटना पड़ा, लेकिन अच्छी खबर यह है कि वह जीवित और स्थिर हैं। उन्होंने आगे कहा, सोमवार को जो हुआ वह एक भयानक घटना थी, और इसके कारण हेलेन को गंभीर चोट आई। इसके परिणामस्वरूप, सोमवार को हेलेन का बायां पैर काटना पड़ा। हमें उम्मीद थी कि उसका दायां पैर बच जाएगा, लेकिन फिर आज (बुधवार) सर्जनों को उनका दायां पैर भी हटाना पड़ा।
फिल ने कहा कि उनके परिवार के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वह जीवित है और उसकी हालत स्थिर है।
द सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड के अनुसार, हमले के आरोपी ब्रेंडन न्यूजन को अदालत से जमानत नहीं मिली। इस घटना के बाद देश में राजनीतिक माहौल में बढ़ती कटुता और जनप्रतिनिधियों को मिल रही धमकियों पर चिंता जताई जा रही है।
ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस की आयुक्त क्रिसी बैरेट ने देश के मौजूदा राजनीतिक माहौल को ‘तनावपूर्ण और विस्फोटकÓ बताते हुए कहा कि सांसदों को धमकियां मिलने की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। उन्होंने बताया कि सांसदों को धमकाने के आरोप में औसतन हर सप्ताह एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई हो रही है।
43 वर्षीय आरोपी ब्रेंडन न्यूजन बुधवार को विक्टोरिया राज्य के वांगाराटा मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश हुआ। उस पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर गंभीर चोट पहुंचाने, जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाने और एक पदाधिकारी को नुकसान पहुंचाने से संबंधित संघीय अपराध के आरोप हैं। उस पर भांग रखने से संबंधित आरोप भी लगाया गया है। आरोपी ने जमानत के लिए आवेदन नहीं किया और हिरासत में रहेगा।
यह घटना सोमवार को विक्टोरिया राज्य के वांगाराटा में हेलेन हेन्स के निर्वाचन क्षेत्र कार्यालय के बाहर हुई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर अपनी टोयोटा लैंडक्रूजर गाड़ी से सांसद को टक्कर मारी। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने घटना को जानबूझकर किया गया हमला बताया। हालांकि, हमले के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हुआ है और जांच जारी है।
65 वर्षीय हेन्स को मेलबर्न के अल्फ्रेड अस्पताल में भर्ती कराया गया। ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस और विक्टोरिया पुलिस ने कहा कि उनके पास ऐसी कोई विशिष्ट खुफिया जानकारी नहीं थी जिससे आरोपी द्वारा इस तरह का हमला किए जाने का पहले से अंदाजा लगाया जा सकता। अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर कथित तौर पर साझा किए गए उसके विचारों और हमले के संभावित राजनीतिक संबंधों की भी जांच की है।
इस घटना ने ऑस्ट्रेलिया में जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर बहस तेज कर दी है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में सांसदों और निर्वाचित पदाधिकारियों के खिलाफ 1,067 धमकियों की जांच की गई, जो पिछले वर्षों की तुलना में बढ़ोतरी दर्शाती है। सरकार और सुरक्षा एजेंसियां जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा मजबूत करने के उपायों पर वि
चार कर रही हैं।
00

