विकसित भारत-जी राम जी योजना में मानव दिवस बढ़ाने के लिए अभियान चलाएं: केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ, (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विकसित भारत-जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी जनपदों में अभियान चलाकर मानव दिवस सृजन में वृद्धि के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने योजना के अंतर्गत कार्य करने वाले श्रमिकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत-जी राम जी योजना के अंतर्गत 318 प्रकार के कार्य निर्धारित किए गए हैं, जिनमें आजीविका से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य भी शामिल हैं। ऐसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि योजना अपने उद्देश्यों को पूरा करते हुए विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित जनपद और विकसित ग्राम पंचायत के संकल्प को साकार करने में प्रभावी भूमिका निभा सके। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत प्रदेश को 6.18 लाख आवासों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। सभी जनपदों में इन आवासों को समयबद्ध ढंग से स्वीकृत करते हुए निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत बेसहारा पात्र महिलाओं, दिव्यांगजनों तथा अन्य प्राथमिकता श्रेणी के पात्र परिवारों, जिन्हें अभी तक योजना का लाभ नहीं मिला है, उन्हें विशेष अभियान चलाकर चिन्हित करने और पात्रता के अनुसार आवास योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि ग्राम चौपालों में योजनाओं की पात्रता और अन्य शर्तों की विस्तार से जानकारी दी जाए। इसके साथ ही पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें आवास उपलब्ध कराने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उप मुख्यमंत्री ने विकसित भारत-जी राम जी योजना में कार्यरत महिला श्रमिकों तथा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभार्थियों को अनिवार्य रूप से स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन स्वयं सहायता समूहों को अभी तक सीसीएल अथवा बैंक ऋण की सुविधा नहीं मिली है, ऐसे सभी पात्र समूहों को शत-प्रतिशत सीसीएल उपलब्ध कराया जाए। सभी खंड विकास अधिकारी इसकी नियमित निगरानी करें। उन्होंने प्रदेश में नए स्वयं सहायता समूहों के गठन के कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। समूह सखियों के मानदेय में वृद्धि के लिए अन्य राज्यों में लागू बेहतर मॉडलों का अध्ययन कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत कार्यरत कैडर के मानदेय का भुगतान समय से सुनिश्चित करने को कहा।केशव प्रसाद मौर्य ने निर्देश दिए कि टीएचआर संयंत्र सौर ऊर्जा और खाद्य संस्करण सब्सिडी का पूरा लाभ उठाते हुए उन्हें अधिक प्रभावी और ऊर्जा दक्ष बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।उप मुख्यमंत्री ने ग्राम चौपालों को और अधिक सार्थक एवं प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम चौपालों का त्रैमासिक रोस्टर तैयार कर सांसदों, विधायकों के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण जनप्रतिनिधियों और संबंधित लोगों को भी उपलब्ध कराया जाए। ग्राम चौपालों की नियमित समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने के साथ पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का काम भी प्रभावी ढंग से हो।उन्होंने प्रदेश में निर्मित सभी अमृत सरोवरों की साफ-सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अमृत सरोवरों को स्वच्छ, उपयोगी और बेहतर स्वरूप में रखा जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में इनके निर्माण का उद्देश्य पूर्ण हो सके।केशव प्रसाद मौर्य ने निर्देश दिए कि जिन जनपदों में दृष्टि की बैठक अभी तक नहीं हुई है, वहां तत्काल बैठक आयोजित कर उसकी रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी पर जोर देते हुए कहा कि बेहतर कार्य करने वाले जनपदों और विकासखंडों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने वाले जनपदों और विकासखंडों को प्रोत्साहित किया जाए, ताकि अन्य क्षेत्र भी उनसे प्रेरणा लेकर अपने कार्यों में सुधार कर सकें।
विकसित भारत-जी राम जी योजना में मानव दिवस बढ़ाने के लिए अभियान चलाएं: केशव प्रसाद मौर्य
————-

