विनीत खंड–2 जन कल्याण समिति की तृतीय प्रबंध कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न

 

विनीत खंड–2 जन कल्याण समिति की तृतीय प्रबंध कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न

 

लखनऊ, 04 जुलाई 2026। विनीत खंड–2 जन कल्याण समिति की प्रबंध कार्यकारिणी समिति की तृतीय बैठक शनिवार को गोमती नगर स्थित मैक्स सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सालय के सम्मेलन कक्ष में समिति के अध्यक्ष श्री सुभाष मणि तिवारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में चिनहट वार्ड–1 के पार्षद श्री अरुण कुमार राय की गरिमामयी उपस्थिति रही। समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने क्षेत्र की जनसमस्याओं, पार्कों के रख-रखाव, विकास कार्यों, पर्यावरण संरक्षण तथा नागरिक सुविधाओं से संबंधित विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।

 

बैठक में 31 मई 2026 को आयोजित समिति की द्वितीय बैठक के कार्यवृत्त को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। समिति के उपविधियों पर शेष हस्ताक्षर की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने तथा आगे की आवश्यक कार्यवाही किए जाने पर सहमति बनी।

 

क्षेत्र के आठों पार्कों की साफ-सफाई, नियमित रख-रखाव, माली की व्यवस्था, सिंचाई, नालियों की सफाई, पथों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक विकास कार्यों पर प्रमुखता से चर्चा हुई। पार्षद श्री अरुण कुमार राय ने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति प्रदान करने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

 

ओंकारेश्वर पार्क की क्षतिग्रस्त पगडंडियों, खराब जल व्यवस्था, माली की अनियमित उपस्थिति, बच्चों के झूलों की मरम्मत तथा पार्क के विभिन्न हिस्सों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने के विषय पर भी चर्चा हुई। पार्षद महोदय ने इन समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों से समन्वय कर प्रभावी कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया।

 

बैठक में बताया गया कि महासमिति द्वारा क्षेत्र में ओपन जिम की स्थापना दीपावली से पूर्व कराए जाने का आश्वासन दिया गया है। इसके साथ ही 12 मीटर सड़क पर नाली एवं खड़ंजा निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने, वायु एवं ध्वनि प्रदूषण तथा सड़क अवरोध की समस्या के समाधान और हुसड़िया चौराहे से पुलिस उपायुक्त कार्यालय तक मुख्य मार्ग पर विभाजक निर्माण हेतु संबंधित विभागों से प्रभावी पत्राचार एवं अनुवर्ती कार्यवाही करने का निर्णय लिया गया।

 

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में समिति ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए क्षेत्र के आठों पार्कों में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। प्रत्येक पार्क में लगभग 50 पौधे रोपित कराने के उद्देश्य से प्रभागीय वनाधिकारी, इन्दिरा नगर को पत्र भेजा जा चुका है। पौधे प्राप्त होने पर उन्हें ओंकारेश्वर पार्क में सुरक्षित रखा जाएगा और सभी आठों पार्कों में पौधारोपण कराया जाएगा। वृक्षारोपण कार्यक्रम के समन्वय की जिम्मेदारी समिति के उपाध्यक्ष श्री आर.एस. नेगी को सौंपी गई है।

 

एल-2/601 एवं एल-2/602 के सामने स्थित नीम एवं अन्य फूलदार वृक्षों की शाखाओं के विद्युत तारों को स्पर्श करने से उत्पन्न संभावित दुर्घटना के खतरे को देखते हुए संबंधित विद्युत अधिकारियों से संपर्क कर तत्काल आवश्यक छंटाई कराने का निर्णय लिया गया।

 

बैठक में मैक्स चिकित्सालय द्वारा क्षेत्र के निवासियों को गोल्ड कार्ड उपलब्ध कराए जाने तथा नियत अंतराल पर चिकित्सा सुविधाएँ एवं स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई। समिति ने इन सुविधाओं का लाभ अधिकाधिक क्षेत्रवासियों तक पहुँचाने हेतु आवश्यक सहयोग एवं समन्वय करने का निर्णय लिया।

 

समिति की कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए श्री सुभाष सक्सेना एवं श्री तुषार चतुर्वेदी को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया। ई-पुस्तकालय परिसर द्वारा समिति के लिए 300 सदस्यता प्रपत्र निःशुल्क मुद्रित कर उपलब्ध कराने पर उसके भागीदार निदेशकों के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।

 

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समिति की प्रबंध कार्यकारिणी की बैठकों की कार्यसूची एवं अनुमोदित कार्यवृत्त की प्रतियाँ नियमित रूप से पार्षद श्री अरुण कुमार राय को उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि क्षेत्र की जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों के संबंध में उनके स्तर से संबंधित विभागों के साथ समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही कराई जा सके।

 

बैठक के अंत में अध्यक्ष श्री सुभाष मणि तिवारी ने पार्षद श्री अरुण कुमार राय, समिति के सभी पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों तथा बैठक के आयोजन एवं क्षेत्र के विकास कार्यों में सहयोग प्रदान करने वाले सभी व्यक्तियों एवं संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

जारीकर्ता

अशोक कुमार अरोड़ा

सचिव

विनीत खंड–2 जन कल्याण समिति

गोमती नगर, लखनऊ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *