माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि, विदेश व्यापार, कृषि निर्यात विभाग उत्तर प्रदेश, श्री दिनेश प्रताप सिंह जी प्रदेश स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।
संकट मोचन धाम स्टेडियम प्रेमकापूरा सुजानगंज, मुंगराबादशाहपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता टीमों और खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुए माननीय मंत्री जी ने सभी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि युवाओं के हाथ में ही हमारे देश का भविष्य है, युवा स्वस्थ रहेंगे तभी हमारा देश विकास कर सकेगा, आज का युवा हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहा है, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हमारे युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
इसके साथ ही माननीय मंत्री जी द्वारा उद्यान विभाग की ओर से आयोजन स्थल स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर के समीप पौधरोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद बी.पी. सरोज, अजय शंकर दुबे, संतोष तिवारी, जिला महामंत्री सुशील मिश्रा, आलोक सिंह, कैलाश दुबे सहित अन्य सम्मानित जनप्रतिनिधि, गणमान्यजन, जिला उद्यान अधिकारी सीमा सिंह राणा सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी प्रगतिशील किसान तथा आमजन उपस्थित रहे।
—————
जौनपुर, 04 जनवरी 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-02
जिलाधिकारी ने अवगत कराया है कि उ०प्र० बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन संचालित विद्यालयों / मान्यता प्राप्त बेसिक विद्यालयों में 14 जनवरी 2026 तक शीतकालीन अवकाश निर्धारित है। वर्तमान में पड़ रही कड़ाके की ठण्ड एवं शीतलहर के प्रकोप से आंगनबाड़ी केन्द्र पर आने वाले (03 से 06 वर्ष के) बच्चों के बचाव हेतु समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों पर (03 से 06 वर्ष के) बच्चों का दिनांक 14 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया जाता है।
उक्त घोषित अवकाश की अवधि में सभी आंगनबाड़ी केन्द्र खुले रहेंगे तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं आंगनबाड़ी सहायिकाओं द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रों पर उपस्थित रहकर टी०एच०आर० प्राप्ति / वितरण, वी०एच०एस०एन०डी० सत्र के दौरान लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण, गृहभ्रमण, नये लाभार्थियों का पंजीकरण व सत्यापन, समुदाय आधारित गतिविधियों का आयोजन तथा पोषण ट्रैकर पर समस्त इंडिकेटरों की फीडिंग आदि विभागीय कार्यों का निष्पादन पूर्ववत् किया जायेगा।

