संदेश फाउंडेशन के अध्यक्ष ने अपने जन्मदिन के मौके पर किया रक्तदान

संदेश फाउंडेशन के अध्यक्ष ने अपने जन्मदिन के मौके पर किया रक्तदान

सुल्तानपुर। संदेश फाउंडेशन के अध्यक्ष एंव पत्रकार प्रदीप यादव ने अपने जन्मदिन को यादगार बनाने के उद्देश्य से रक्तदान कर समाजसेवा की मिसाल पेश की। उन्होंने राजकीय स्वाशासी मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में रक्तदान करते हुए लोगों से भी जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने और नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। पत्रकार प्रदीप यादव ने कहा कि रक्तदान महादान है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को केवल उत्सव तक सीमित न रखकर समाजहित के कार्यों से जोड़ना चाहिए।इस अवसर पर डाक्टर रवींद्र यादव ने प्रशस्तिपत्र देकर पत्रकार प्रदीप को सम्मानित किया ,ब्लड बैंक काउन्सलर अनुराग पाण्डेय और उनके स्टाप एंव हिन्दुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एड् कुलदीप जनवादी, जिलापंचायत सदस्य प्रत्याशी राजेश यादव , एड् भानु प्रताप यादव , एड् चंद्र शेन , पत्रकार विनोद यादव , जय सिंह , दिनेश सिंह यादव,शेष यादव ,मोनू सहित मौजूद लोगों ने प्रदीप यादव के इस पहल की सराहना की और उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। रक्तदान के बाद उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को मानवता की सेवा के लिए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
श्री रानी सती दादी भादों मेला महोत्सव शुरू, निकली विशाल शोभा यात्रा
सुल्तानपुर। शहर में श्री रानी सती दादी भादों मेला महोत्सव 2026 का शुभारंभ गुरुवार को विशाल शोभा यात्रा के साथ हुआ। श्री रानी सती सालासर श्याम मंदिर सेवा ट्रस्ट, सीताकुण्ड के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय महोत्सव आज 10 और 11 सितंबर को मनाया जा रहा है। पहले दिन आज गुरुवार को दोपहर तीन बजे अजय मुरारका के निवास, पंत स्टेडियम के निकट से विशाल शोभा यात्रा निकाली गई। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए हैं।
महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार 11 सितंबर को कार्यक्रमों की श्रृंखला है। प्रातः आठ बजे मंगला आरती होगी। दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक सवामनी प्रसाद का आयोजन है, जिसके सौजन्य सुधीर अग्रवाल, कुड़वार नाका हैं। सायं चार बजे से समाज की महिला शक्ति द्वारा श्री दादी जी का संकीर्तन किया जाएगा। सायं छह बजे से चटपटे व्यंजन के स्टाल लगेंगे। रात्रि आठ बजे सायं आरती और उसके पश्चात प्रसाद वितरण होगा। ट्रस्ट ने सभी भक्तजनों से सपरिवार शामिल होने की अपील की है।
भवानी शिवपुर में शिक्षा की जगह तकरार, गुरुजी पर स्कूल का माहौल बिगाड़ने का आरोप
प्रधान की शिकायत से हड़कंप
सुल्तानपुर। शिक्षा का मंदिर कहे जाने वाले बल्दीराय ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय भवानी शिवपुर से एक हैरान करने वाली शिकायत सामने आई है। ग्राम पंचायत चकशिवपुर की प्रधान कमला ने खंड शिक्षा अधिकारी को पत्र देकर विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक इंद्रजीत की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
पत्र में प्रधान ने आरोप लगाया है कि सहायक अध्यापक का रवैया सहयोगात्मक नहीं बल्कि टकराव भरा है। विद्यालय प्रबंध समिति, रसोइया, सफाई कर्मी और साथी शिक्षकों से बेवजह विवाद कर वे रोजाना विद्यालय की शांति भंग करते हैं। वहीं शासन के महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रवेशोत्सव में बच्चों के तिलक लगाकर स्वागत जैसे निर्देशों का विरोध करना और शासकीय आयोजनों से दूरी बनाना उनकी नकारात्मक कार्यशैली को दर्शाता है। इससे भी अधिक चिंताजनक आरोप स्वच्छता और शिक्षण को लेकर हैं। शिकायत के अनुसार परिसर में सफाई के लिए आने वाले सफाईकर्मी के साथ अभद्र और अमर्यादित व्यवहार किया जाता है, जो शासन की स्वच्छ विद्यालय की परिकल्पना के विपरीत है। साथ ही कक्षा में बच्चों को जाति विशेष से जोड़कर शिक्षा देने का आरोप लगाया गया है, जिससे मासूम बच्चों में भेदभाव की भावना पनपने का खतरा है।
इस पूरे मामले में जब खंड शिक्षा अधिकारी बल्दीराय से बात की गई तो उन्होंने बताया ग्राम प्रधान का शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। यह मामला गंभीर है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक से रिपोर्ट तलब की कर जांच कराकर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी। विद्यालय में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिशासी अभियंता के खिलाफ सिविल डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ का प्रदर्शन जारी
सुलतानपुर। सिविल डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ, सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश ने अधिशासी अभियंता सतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आंदोलन तेज कर दिया है। संघ ने गुरुवार को आंदोलन के चौथे दिन को जनजागरण दिवस के रूप में मनाया।
संघ का आरोप है कि अधिशासी अभियंता द्वारा विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार, कदाचार व मनमानी की जा रही है। संघ ने कहा कि मामले की शिकायत पूर्व में उच्चाधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। संघ ने यह भी आरोप लगाया कि आंदोलन को दबाने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया और पदाधिकारियों को गुमराह व भयभीत करने का प्रयास किया जा रहा है। संघ ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *