सपा नेताओं को गोण्डा जाने से रोका, हिरासत में लिए गए ‘गोप’
ऽ विनोद साहनी हत्याकांड ने पकड़ा सियासी रंग, रामनगर में जुटे सपा नेता-कार्यकर्ता
ऽ राकेश वर्मा बोले, दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ा होना भी अपराध हो गया
बाराबंकी। गोण्डा के समाजसेवी विनोद साहनी की पीट-पीटकर हत्या का मामला अब सियासी मुद्दा बनता जा रहा है। शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मिलने और अंतिम संस्कार में शामिल होने गोण्डा जा रहे समाजवादी पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप को पुलिस ने रामनगर चौराहे पर रोक दिया। दोपहर करीब 12 बजे हुई कार्रवाई के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने मौके पर विरोध शुरू कर दिया। इसी बीच सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविन्द कुमार सिंह गोप भी गोण्डा के लिए निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोककर हिरासत में ले लिया और डाक बंगले में बैठाए रखा। राजपाल कश्यप को रोके जाने की खबर फैलते ही सपा जिलाध्यक्ष अयाज अहमद, पूर्व कारागार मंत्री राकेश वर्मा, विधायक फरीद महफूज किदवई, विधायक सुरेश यादव, बहराइच के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण यादव, प्रभात सिंह, पूर्व प्रमुख हशमत अली गुड्डू, राष्ट्रीय प्रवक्ता फैजान किदवाई, प्रदेश सचिव सरताज चौधरी, विकास यादव, प्रीतम सिंह वर्मा, यासिर अराफ़ात किदवई, प्रभात सिंह, मोहम्मद इरशाद, राजकुमार वर्मा समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता रामनगर पहुंच गए। नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पार्टी का प्रतिनिधिमंडल किसी राजनीतिक कार्यक्रम में नहीं, बल्कि एक शोकाकुल परिवार के दुख में शामिल होने जा रहा था। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में विपक्षी नेताओं को पीड़ित परिवारों से मिलने से रोका जा रहा है। उनका कहना था कि विनोद साहनी की हत्या के आरोपितों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
बाक्स
दुःख में साथ देना राजनीति नहीं, जिम्मेदारी: राकेश वर्मा
पूर्व कारागार मंत्री राकेश वर्मा ने कहा कि विनोद साहनी के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा है। ऐसे समय में उनके घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त करना राजनीति नहीं, बल्कि मानवीय जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सपा नेता और कार्यकर्ता अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन प्रशासन ने रास्ते में रोक दिया। उन्होंने मांग की कि हत्या में शामिल सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
बाक्स
लोकतंत्र की आवाज दबाने का प्रयास: गोप
सपा राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविन्द कुमार सिंह गोप ने कहा कि पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे नेताओं को रोकना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में लोकतंत्र की आवाज दबाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को जेल भेजकर कड़ी सजा दिलाई जाए और स्व. विनोद साहनी के परिवार की आर्थिक मदद की जाए। इस दौरान सपा नेताओं ने प्रदेश सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब सरकार के मंत्री भी धरने पर बैठने को मजबूर हैं तो प्रदेश की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। नेताओं ने चेतावनी दी कि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलने तक समाजवादी पार्टी आंदोलन जारी रखेगी।

