सब्जी की दुकान में घुसा अनियंत्रित स्कॉर्पियो

सब्जी की दुकान में घुसा अनियंत्रित स्कॉर्पियो

*दो घायल स्कार्पियो की अत्यधिक गति बनी कारण, मचा हड़कंप

मड़िहान, मीरजापुर। हाइवे पर वाहनों की अत्यधिक रफ्तार पर कोई लगाम न होने से दुर्घटनाओं का ग्राफ जहां बढ़ता जा रहा है। जिसका खामियाजा सड़क किनारे रहने वाले रहवासियों, दुकानदारों से लगाए सड़क पर चलने वाले लोगों को भुगतना पड़ जा रहा है। बुधवार को कुछ ऐसा ही नजारा देख लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के राजगढ़ बाजार में बुधवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब बाजार निवासी संजय मौर्य के सब्जी की दुकान में एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो घुस गई। मौके पर मौजूद लोगों कि माने तो स्कार्पियो की गति इतनी ज्यादा थी कि लालू मौर्या, राजू सोनकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां सभी का उपचार चल रहा है। वहीं घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया था। संयोग अच्छा था कि मौके पर मौजूद कुछ लोग बाल-बाल बचे हैं अन्यथा एक बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता था।

 

 

 

 

पहाड़ी पर सनसनीखेज वारदात, हमलावरों ने युवक को कार में बंधक बनाकर चाकू से गला रेत अधमरा हालत में छोड़कर हुए फरार

*सोनभद्र का रहने वाला है युवक

मीरजापुर। जिले में बैखौफ बदमाशों ने जंगल एरिया में युवक को कार में बंधक बनाकर चाकू से गला रेत उसे अधमरा हालत में छोड़कर फरार हो लिए। जानकारी होते ही इलाके में सनसनी फ़ैल गई है पुलिस युवक को उपचार के लिए भेज छानबीन में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक जिले के चुनार थाना चौकी सक्तेशगढ़ क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। शहीद बाबा के पास पहाड़ी क्षेत्र में हमलावरों ने एक युवक को कार में बंधक बनाकर चाकू से गला रेत दिया और उसे अधमरा छोड़कर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11 बजे कुछ लोग एक युवक को कार में हाथ-पैर और गला गमछे से बांधकर लाए। सुनसान जगह पाकर आरोपियों ने चाकू से उस पर हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देकर सभी पहाड़ी रास्ते से भाग निकले। उसी समय वहां से गुजर रहे एक चरवाहे की नजर खून से लथपथ युवक पर पड़ी तो उसने शोर मचाया। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। किसी ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही सक्तेशगढ़ चौकी के SI प्रवीण कुमार राय दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल 112 की गाड़ी से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ भिजवाया।

कार में मिले पर्स और आधार कार्ड से घायल की पहचान हिमांशु कुमार तिवारी, 30 वर्ष, पुत्र कृष्ण तिवारी, निवासी गांव पिड़रिया, थाना घोरावल, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर चुनार थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विजय शंकर सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हमें सूचना मिली है कि एक युवक को चाकू मारकर फेंक दिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आस-पास के सीसीटीवी और मुखबिरों से जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम को बुलाया है। हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस प्रथम दृष्टया पुरानी रंजिश और लूट के एंगल से भी जांच कर रही है। घटना के बाद से शहीद बाबा क्षेत्र में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने दिनदहाड़े हुई इस वारदात पर रोष जताते हुए पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

 

 

 

शिक्षिकाओं का हरियाली तीज कार्यक्रम पर कजरी गीत ने बांधा समां

मीरजापुर। महिला शिक्षक संघ नारायनपुर के तत्वावधान में ब्लाक कार्यकारिणी द्वारा हरियाली तीज का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें सैकड़ों शिक्षिकाओं की उपस्थिति में हरियाली तीज धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान सरस्वती वंदना पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर शिक्षिकाओं ने कजरी गीत और सामूहिक नृत्य से समा बांध दिया। कार्यक्रम में जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष कनक प्रभा सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष प्रियंका सिंह, सीमा रानी भारती, अनुराधा सिंह पटेल, विनीता सिंह, रूपांजलि, ममता आदि शिक्षिकाएं उपस्थित रही। कार्यक्रम के पश्चात सभी का आभार व्यक्त किया गया।

 

 

 

 

 

बाढ़ की विभिषिका:

कर्णावती नदी में बह गए बीडीसी सदस्य की तलाश जारी, मचा हड़कंप

मीरजापुर। जिले के छानबे विकास खंड क्षेत्र अंतर्गत विजयपुर क्षेत्र के क्षेत्र पंचायत सदस्य असफाक खान (45 वर्ष) पुत्र मकसूद खान मंगलवार को मिश्रपुर से अपने घर विजयपुर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पैर फिसलने से वह तेज बहाव वाली कर्णावती नदी के पानी में बह गए, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और नदी में असफाक खान की तलाश शुरू कर दी, बुधवार को दूसरे दिन भी उनका कोई पता नहीं चल पाया है। लगातार हो रही बारिश के कारण कर्णावती नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और पानी का बहाव भी तेज है, जिससे रेस्क्यू टीम को खोजबीन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। चौकी प्रभारी गैपुरा सुरेश चन्द द्विवेदि ने एसडीआरएफ की टीम के साथ मिलकर राहत एवं बचाव टीम नदी के आस-पास संभावित स्थानों पर बीडीसी सदस्य लगातार तलाश कर रही है। अभी तक असफाक खान का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बताते चलें कि बारिश होने के साथ पहाड़ी नदी कर्णावती का जलस्तर उफान पर है जिससे आसपास के ग्रामीण सहम उठे हैं।

 

 

 

 

 

मुठभेड़ में इनामियां गौ-तस्कर घायल, गश्त के दौरान पुलिस से हुई मुठभेड़

लालगंज, मीरजापुर। थाना क्षेत्र के नैड़ी गांव के पास हुए पुलिस के साथ मुठभेड़ में 25,000 रुपये के इनामी गो-तस्कर 27 वर्षीय गुफरान के बाएं पैर में गोली लगी है।घायल गो तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय के लिए बुधवार को जेल भेज दिया है। गुफरान काफी समय से फरार चल रहा था। पुलिस के लिए सिरदर्द बने आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को राहत मिली है।

लालगंज थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 135 पर नैड़ी कठारी गांव में लालगंज के प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पाण्डेय बरौंधा चौकी इंचार्ज के साथ गश्त कर रहे थे। बीती मंगलवार की रात में डेढ़ बजे मुखबीर से मिले सूचना पर पुलिस चौकन्ना हुई और हाईवे पर आने जाने वालों पर नजर रखने लगी। इसी बीच एक बाइक से दो लोग रीवा तरफ जाते दिखाई दिए, पुलिस ने उन्हें रोकना चाहा लेकिन बाइक सवार बदमाश पुलिस पर फायर कर गड़बड़ा रोड की तरफ बाइक मोड़ दिया। पुलिस घेरेबंदी देख पुलिस टीम पर फिर फायरिंग हुई इसी बीच दोनों तरफ से मुठभेड़ हो गई, जिसमें जवाबी फायरिंग के दौरान पुलिस द्वारा आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी 27 वर्षीय गुफरान मूल रूप से भदोही के गोपीगंज का रहने वाला था। वह बिहार के रोहतास में रहकर गो-तस्करी के काम में लिप्त रहता है।आरोपी के खिलाफ लालगंज के अलावा विंध्याचल और जिगना थाने में भी मुकदमा दर्ज है। प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि विगत 9 जून को 28 गोवंशीय से लदे एक ट्रक पकड़ा गया था। जिसमें मुख्य आरोपी गुफरान भाग गया था। इस पर 25 हजार का इनाम भी घोषित है। लालगंज थाना क्षेत्र के नैड़ी कठारी-गड़बड़ा धाम रोड के पुलिया के पास से पुलिस ने घेराबंदी कर पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन राजकुमार मीणा ने बताया की 25 हजार रुपए का इनामी आरोपी गुफरान मूल निवासी गोपीगंज (भदोही) का रहने वाला है, लेकिन रोहतास (बिहार) में रहकर गो-तस्करी कार्य करता है। गुफरान के पास से एक .315 बोर का देशी तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, 37,500 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल पुलिस ने बरामद किया है। गुफरान के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत लालगंज, जिगना और विंध्याचल थानों में मुकदमे दर्ज हैं।

 

 

 

 

स्वास्थ्य जांच शिविर में 200 मरीजों का हुआ जांच

*प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के तहत स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

लालगंज, मीरजापुर। विकासखंड सभागार में बुधवार को प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के तहत स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में करीब 200 मरीजों की जांच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों को बीमारी के अनुसार उपचार और स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी। जरूरत के अनुसार मरीजों को दवाओं का भी वितरण किया गया।

शिविर का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख जयंत कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि जन औषधि केंद्रों पर बाजार की तुलना में कम कीमत पर दवाएं उपलब्ध हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संचालित जन औषधि केंद्र से सस्ती दवाएं लेकर मरीज उपचार का खर्च कम कर सकते हैं। खंड विकास अधिकारी रवि कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए जन औषधि केंद्र काफी उपयोगी है। इससे जरूरतमंदों को कम कीमत पर आवश्यक दवाएं उपलब्ध हो रही हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ संजय सिंह ने कहा कि बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय से जांच कराकर चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। फिजिशियन डॉ. योगेश द्विवेदी ने सामान्य बीमारियों में बिना चिकित्सकीय सलाह दवा लेने से बचने की सलाह दी। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ कैलाश नाथ बिंद ने बच्चों में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सक से परामर्श लेने को कहा। महिला चिकित्सक डॉ रिचा सिंह ने महिलाओं से स्वास्थ्य संबंधी परेशानी को नजरअंदाज न करने और समय से जांच कराने की अपील की।शिविर में मरीजों की स्वास्थ्य जांच के साथ चिकित्सकीय सलाह और आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया। आभार भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रामशिरोमणि मौर्य ने व्यक्त किया।

 

 

 

 

भीम आर्मी के नवनियुक्त पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

मीरजापुर। भीम आर्मी संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। इस अवसर पर भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष राजेंद्र राठौड़ तथा पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मराज रागा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

जिलाध्यक्ष राजेंद्र राठौड़ ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र सौंपकर सम्मानित किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दीं। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने तथा समाज के हित में सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया।

नवनियुक्त पदाधिकारी डॉ. रवि राव ब्लॉक अध्यक्ष, लालगंज, महेश कुमार जिला कार्यकारिणी सदस्य, धसड़ा, प्रीति तहसील प्रचारक समोगरा, पायल जिला प्रचारक अमोई, सालू कुमारी महिला मोर्चा प्रचारक, लोहदी, नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन की जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।

 

 

 

वरिष्ठ शायर जनाब जफर मिर्जापुरी का निधन

साहित्य जगत में शोक व्याप्त

मीरजापुर। जाने माने वरिष्ठ शायर जनाब जफर मिर्जापुरी का लम्बी बीमारी के बाद बुद्धवार की सुबह निधन हो गया। वह लगभग 88 वर्ष के थे। उनके निधन से साहित्य और सामाजिक जीवन में शोक व्याप्त हो गया। अनेक लोगों ने उनके निवास जाकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में सर्वश्री गणेश गंभीर, लल्लू तिवारी, भोलानाथ कुशवाहा,अरविंद अवस्थी, आनंद अमित,मुहिब मिर्जापुरी, केदारनाथ सविता,लाल व्रत सिंह सुगम, इम्तियाज अहमद गुमनाम,डॉ अनुराधा ओस, खुर्शीद भारती,इरफान कुरे

शी,इला जायसवाल, नंदिनी वर्मा, हसन जौनपुरी आदि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *