स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
अयोध्या । स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत जिला गंगा समिति (नमामि गंगे), अयोध्या के तत्वावधान में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में एक दिवसीय पोस्टर प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एवं राजकीय इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नदियों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को दर्शाते हुए बेहद सुंदर और प्रेरणादायक पोस्टर बनाए। कार्यक्रम के दौरान जिला परियोजना अधिकारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नदियाँ हमारी जीवन रेखा है और इन्हें स्वच्छ रखना हम सभी का परम कर्तव्य है; स्वच्छता को केवल एक अभियान न मानकर अपनी दिनचर्या और आदतों में ढालना होगा, तभी हम अपनी नदियों और पर्यावरण को समृद्ध व सुरक्षित रख सकेंगे। प्रतियोगिता में कक्षा 10 की निधि ने प्रथम, कक्षा 9 की समरीन ने द्वितीय तथा कक्षा 9 की ही स्वाति प्रजापति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों ने नदियों तथा अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ बनाए रखने की शपथ भी ली। कार्यक्रम में प्रधानाचार्या कुसुमलता एवं उप प्रधानाचार्या पुष्पलता सिंह, श्वेता साहू जिला परियोजना अधिकारी जिला गंगा समिति, नमामि गंगे, भारतीय वन्यजीव संस्थान जलज परियोजना की असिस्टेंट कोऑर्डिनेटर डॉ. अन्नपूर्णा सिंह, मनीषा गौड़, प्रकृति वर्मा, प्रीति जायसवाल आदि अध्यापिकाएँ उपस्थित रहीं
।

