अनावश्यक चेन पुलिंग पर प्रयागराज मंडल की सख्ती, 2528 लोगों पर कार्रवाई
1 जनवरी से 31 अगस्त तक हुई कार्रवाई जून में सर्वाधिक 397 फकड़ाए
प्रयागराज। प्रयागराज मंडल द्वारा ट्रेनों के सुरक्षित एवं समयबद्ध संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। रेल प्रशासन द्वारा की जा रही नियमित निगरानी एवं प्रवर्तन कार्रवाई के परिणामस्वरूप 01 जनवरी से 31 अगस्त 2026 तक कुल 2528 व्यक्तियों को बिना उचित कारण अलार्म चेन पुलिंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध रेलवे अधिनियम के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
अलार्म चेन पुलिंग की सुविधा यात्रियों की सुरक्षा के लिए वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में प्रदान की जाती है। इसका अनावश्यक उपयोग ट्रेनों के संचालन में बाधा उत्पन्न करता है, जिससे ट्रेनों का समयपालन प्रभावित होता है और अन्य यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है। अनावश्यक चेन पुलिंग से परिचालन व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है।
यह जानकारी देते हुए उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि जनवरी 2026 में 274 लोग, फरवरी 2026 में 244,
मार्च 2026 में 341, अप्रैल 2026 में 318, मई 2026 में 386, जून 2026 में 397, जुलाई 2026 में 289 और अगस्त 2026 में 279 लोग गिरफ्तार किए गए।
इस अभियान में सर्वाधिक गिरफ्तारी कानपुर सेंट्रल में 392 लोगों की हुई। प्रयागराज जंक्शन पर 182 लोग गिरफ्तार किए गए।
रेल प्रशासन द्वारा अनावश्यक चेन पुलिंग के मामलों पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। अनावश्यक चेन पुलिंग रेलवे अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय है।

