अपराधियों की खैर नहीं… एसपी ने कसा शिकंजा

अपराधियों की खैर नहीं… एसपी ने कसा शिकंजा
लंबित मुकदमों पर गरजी कार्रवाई की तलवार
गैंगस्टर की संपत्ति जब्ती से लेकर इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी तक सख्त निर्देश
फोटो परिचय-(2) अपराध समीक्षा की बैठक लेते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
फतेहपुर। अपराधियों पर शिकंजा कसने व लंबित मुकदमों के शीघ्र निस्तारण को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस अधिकारियों की जमकर क्लास ली। रिजर्व पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में आयोजित अपराध समीक्षा गोष्ठी में एसपी ने गंभीर अपराधों की एक-एक कर समीक्षा की और लापरवाही से बचते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में गैंगस्टर, इनामी बदमाशों और गंभीर अपराधों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी से लेकर लूट, चोरी, नकबजनी और हत्या जैसे मामलों के अनावरण पर विशेष जोर रहा। एसपी ने गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत अपराधियों की संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी की स्थिति की जानकारी लेते हुए उनकी धरपकड़ के लिए ठोस रणनीति बनाने को कहा। वहीं पुरस्कार घोषित अपराधियों और गंभीर अपराधों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। संपत्ति संबंधी अपराधों में लंबित मामलों को भी एसपी ने गंभीरता से लिया। लूट, चोरी, नकबजनी और झपट्टामारी के जिन मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है, उनका जल्द अनावरण करने के निर्देश दिए। हत्या, गंभीर चोट, जानलेवा हमला और सदोष मानव वध जैसे शरीर संबंधी अपराधों में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए मामलों को जल्द से जल्द निस्तारित करने पर जोर दिया गया। दुर्घटना से जुड़े मुकदमों में गलत तरीके से लगाई गई अंतिम रिपोर्ट (सीएस) और संज्ञान के बाद दर्ज किए गए मामलों की विवेचनात्मक कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। दुर्घटना एवं अन्य मामलों में गठित एसआईटी से जुड़े अभियोगों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। लंबे समय से अनावश्यक रूप से लंबित एसआर पत्रावलियों तथा डी-60/90 की समय सीमा से प्रभावित विवेचनाओं में भी तेजी लाने को कहा गया। बैठक में फर्जी जमानतदारों से संबंधित मुकदमों में हुई कार्रवाई की समीक्षा के साथ पुलिस के विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म और पोर्टलों पर किए जा रहे कार्यों की भी पड़ताल की गई। ई-सम्मन, ई-साक्ष्य, जमानत कवच, सुरक्षा नेत्र, सीएस/एफआर, सीईआईआर, सीसीटीएनएस, त्रिनेत्र, एनसीआरपी सहित अन्य पोर्टलों पर लंबित कार्रवाई को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। अपराध समीक्षा गोष्ठी के बाद सैनिक सम्मेलन आयोजित कर एसपी ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।
——————————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *