(अमृतसर)अमृतसर में आप सरपंच के बेटे की गोलियां मारकर हत्या, दोस्त भी घायल; पुरानी रंजिश में हुई वारदात

 

(अमृतसर)अमृतसर में आप सरपंच के बेटे की गोलियां मारकर हत्या, दोस्त भी घायल; पुरानी रंजिश में हुई वारदात

अमृतसर ,27 अक्टूबर ,(आरएनएस)। पंजाब के अमृतसर जिले के चीता कलां गांव में आम आदमी पार्टी (आप) की सरपंच के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने तीरथ सिंह और उसके दोस्त रणजीत सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान करीब 7 से 8 राउंड गोलियां चलाई गईं। दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान तीरथ सिंह की मौत हो गई। रणजीत सिंह के पैर में गोली लगी है और उसका उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पुरानी व्यक्तिगत रंजिश सामने आई है।

एसएसपी देहाती कंवलप्रीत सिंह चाहल के मुताबिक, घटना शाम करीब साढ़े सात बजे की है। चीता कलां निवासी तीरथ सिंह अपने दोस्त रणजीत सिंह के साथ एक स्थान पर मौजूद था। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और दोनों पर अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग में तीरथ सिंह को दो गोलियां लगीं, जबकि रणजीत सिंह के पैर में गोली लगी। हमले के बाद दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, तीरथ सिंह को बचाया नहीं जा सका। रणजीत सिंह की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

मृतक तीरथ सिंह का परिवार स्थानीय राजनीति में सक्रिय है। उसकी मां चीता कलां गांव की सरपंच हैं, जबकि उसका भाई कर सिंह आम आदमी पार्टी से जुड़ा ब्लॉक समिति सदस्य है। हालांकि, शुरुआती पुलिस जांच में हत्या के पीछे किसी राजनीतिक विवाद या गैंगवार की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इसे पुरानी व्यक्तिगत रंजिश से जुड़ा मामला मानकर जांच कर रही है।

परिजनों का आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले नशा बेचने या उसकी बिक्री रोकने को लेकर भी कहासुनी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते तीरथ सिंह और उसके दोस्त पर हमला किया गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हत्या की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल के मुताबिक, मामले में गुरजंट सिंह, गुरदित सिंह, हरकीरत सिंह उर्फ हाकी और गोरा समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीआईए और तकनीकी टीमों को लगाया गया है। पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। एसएसपी ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है। वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *