अयोध्या के अब पांच चौराहों पर शुरू हुआ आईटीएमएस सिस्ट
(राजन तिवारी सिटी रिपोर्टर)
अयोध्या।नगर निगम ने श्री रामनगरी की यातायात व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है।अब शहर के पांच प्रमुख चौराहों पर आईटीएमएस का संचालन शुरू कर दिया गया है।इससे यातायात नियंत्रण अधिक व्यवस्थित होगा और नागरिकों को रेड एवं ग्रीन सिग्नल के अनुसार सुरक्षित आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।शनिवार को आईटीएमएस प्रणाली का शुभारंभ महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी एवं नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने जलकल परिसर स्थित आईटीएमएस कार्यालय से किया। इस मौके पर उपसभापति संतोष सिंह मौजूद थे।
नगर निगम ने रकाबगंज चौराहे पर पहले से संचालित आईटीएमएस प्रणाली के अतिरिक्त शांति चौक (नाका), गुदड़ी बाजार चौराहा, पोस्ट ऑफिस चौराहा तथा पुलिस लाइन स्थित पुष्पराज चौराहा पर भी यह व्यवस्था लागू कर दी गई है।इस अवसर पर महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि अयोध्या को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि आगामी एक सप्ताह के भीतर धर्मपथ पर हनुमान गुफा, सिविल लाइन चौराहा, देवकाली बाईपास एवं मनूचा चौराहा सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर भी आईटीएमएस प्रणाली लागू कर दी जाएगी। इससे यातायात संचालन और अधिक सुचारु होगा तथा आमजन को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।महापौर ने बताया कि नगर निगम द्वारा 20 चौराहों पर सीबी इमरजेंसी कॉल बॉक्स भी स्थापित किए गए हैं।इन स्थानों पर जागरूकता के लिए विशेष स्टीकर लगाए गए हैं।किसी भी आपातकालीन स्थिति, सड़क दुर्घटना, चोरी अथवा अन्य संकट की स्थिति में नागरिक एसओएस बटन दबाकर तत्काल सूचना नगर निगम और पुलिस प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे। इससे पीड़ित व्यक्ति को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडे ने बताया कि शहर के 15 अन्य स्थानों पर भी आईटीएमएस सुविधा शुरू करने की योजना बनाई गई है, इनमें निषाद राज चौराहा (टेढ़ी बाजार),श्रीराम हॉस्पिटल तिराहा, लता चौक, हनुमान गुफा चौक, साकेत पेट्रोलियम, देवकाली बाईपास, देवकाली तिराहा, अग्रसेन तिराहा, रायबरेली बाईपास, सहादतगंज बाईपास, नाका हनुमानगढ़ी, डीएम आवास चौराहा, गुरु गोविंद सिंह चौक एवं सिविल लाइन तिराहा प्रमुख
हैं।

