लखनऊ (दै. देश की उपासना प्रतिनिधि): आज दिनांक 23 नवम्बर 2022 को सहकारिता भवन के प्रेक्षागृह में आयोजित उत्तर प्रदेश सचिवालय पेंशनर्स वेलफेयर एसोशिएशन के वार्षिक समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित,उत्तर प्रदेश शासन के पूर्व मुख्य सचिव श्री अतुल कुमार गुप्ता के करकमलों द्वारा एसोसिएशन की वार्षिक पत्रिका ‘‘पेंशनर्स-परिकल्प 2022‘‘ एवं पत्रिका के सम्पादक श्री शिवशंकर द्विवेदी द्वारा लिखित पुस्तक ‘‘ अ-मोक्ष: एक प्रस्तुति‘‘ का विमोचन किया गया। इस अवसर पर श्री अतुल कुमार गुप्ता जी ने विमोचित हुयी दोनों कृतियों के विषय-वस्तु को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि अच्छी कृतियों को पढ़ने से व्यक्ति में जीवन के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है और इस प्रकार की सोच के लोगों से समाज को सकारात्मक ऊर्जा मिलती है और समाज सहनशीलता के पथ पर अग्रसर होने लगता है। समारोह में उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए एसोसिएशन के संरक्षक श्री श्याम सुन्दर अग्निहोत्री जी ने आशा व्यक्त की है कि दोनों कृतियां अपने उद्देश्य में सफल होगीं। पत्रिका के सम्पादक एवं अ-मोक्ष: एक प्रस्तुति के लेखक श्री शिवशंकर द्विवेदी ने दोनों कृतियों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इनके अध्ययन से जीवन के प्रति नयी दृष्टि विकसित होगी,जो लोगों के आचरण में अन्धविश्वास और आडम्बर को पनपने ही नहीं देगी। इस अवसर पर एसोसिएशन की ओर से 80 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके, सचिवालय सेवा के पेंशनर्स को ‘‘अङ्गवस्त्रम्‘‘से सम्मानित किया गया तो वरिष्ठ पेंशनर श्री चन्द्र किशोर उप सचिव, (से.नि.) को पेंशनर्स शिरोमणि, श्री पी. के.शर्मा ,अध्यक्ष ,उ.प्र.सचिवालय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन को पेंशनर्स मार्तण्ड,श्री एन.त्रिपाठी, सचिव,उ.प्र.सचिवालय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन को पेंशनर्स गौरव, श्री आनन्द प्रकाश, उपाध्यक्ष,उ.प्र.सचिवालय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन को पेंशनर्स प्रभाकर तथा श्रीमती शशि सक्सेना, कोषाध्यक्ष,उ.प्र.सचिवालय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन को पेंशनर्स प्रभा सम्मान से सम्मानित किया गया।इनके सम्मान में एक स्मृति चिन्ह और अङ्गवस्त्रम् दिया गया है। उल्लेखनीय है कि, ‘‘पेंशनर्स शिरोमणि‘‘ वरिष्ठ पेंशनर को दिया जाता है तथा शेष सम्मान उ.प्र.सचिवालय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के कार्यसंचालन में अप्रतिम योगदान के लिए दिये जाते हैं, जिनका चयन उत्तर प्रदेश सचिवालय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की कार्यकारिणी द्वारा किया जाता है। ‘‘पेंशनर्स शिरोमणि‘‘ सम्मान स्व.श्री शिवनाथ द्विवेदी,साहित्याचार्य और ‘‘पेंशनर्स गौरव‘‘ सम्मान स्व.श्रीमती राजकिशोरी द्विवेदी की स्मृति में पेंशनर्स परिकल्प के सम्पादक श्री शिवशंकर द्विवेदी के सौजन्य से तो ‘‘पेंशनर्स प्रभाकर‘‘ स्व.सरजू प्रसाद श्रीवास्तव तथा ‘‘पेंशनर्स प्रभा‘,स्व.श्रीमती लीलावती श्रीवास्तव की स्मृति में सदस्य कार्यकारिणी श्री वीरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव के सौजन्य से दिये जाते हैं जबकि शेष सम्मान उत्तर प्रदेश सचिवालय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के सौजन्य से दिये जाते हैं। समारोह में उपस्थित लोगों का धन्यवाद एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री पी.के.शर्मा द्वारा किया गया, तथा श्री एन.पी त्रिपाठी सचिव नें उक्त समारोह सभा का सकुशल संचालन किया गया। सभा के अन्त में श्री शिवशंकर द्विवेदी लेखक एवं संपादक नें कार्यक्रम में उपास्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

