आगामी त्योहारों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीपी ने की समीक्षा 

आगामी त्योहारों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीपी ने की समीक्षा
पुलिस कमिश्नर ने की उच्चस्तरीय बैठक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
प्रयागराज। आगामी पर्वों, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों के मद्देनजर कमिश्नर प्रयागराज पीयूष मोर्डिया ने रिजर्व पुलिस लाइन्स के त्रिवेणी सभागार में एक अहम गोष्ठी आहूत की। इस विस्तृत समीक्षा बैठक में कमिश्नरेट के समस्त राजपत्रित अधिकारी, शाखा प्रभारी और गूगल मीट के जरिए सभी थाना प्रभारी जुड़े। पुलिस आयुक्त ने रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और बारावफात जैसे आगामी प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के साथ-साथ ट्रैफिक मैनेजमेंट, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी, जनसुनवाई और वांछित अपराधियों पर शिकंजा कसने के कड़े निर्देश दिए।
बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्रों में जुलूस मार्गों का खुद भौतिक निरीक्षण करें और डीजे-लाउडस्पीकर संचालकों से संवाद स्थापित कर यह सुनिश्चित करें कि ध्वनि निर्धारित डेसीबल से अधिक न हो। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता परखी जाए और सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखी जाए ताकि कोई अफवाह न फैला सके। रक्षाबंधन के मद्देनजर बाजारों व भीड़भाड़ वाले इलाकों में फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने, चेन स्नैचिंग रोकने और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मंदिरों के पास पुख्ता सुरक्षा प्रबंध करने को कहा गया है।
अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि प्राइवेट वाहनों पर अनाधिकृत हूटर या सायरन लगाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए और ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन कर उनके नाम-नंबर अंकित किए जाएं। जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने, महिलाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने तथा 60 व 90 दिन से लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके अलावा, अपराधियों, वारंटियों, हिस्ट्रीशीटरों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि शहर में पूरी तरह शांति और कानून का राज कायम रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *