इस्कॉन नोएडा में धूमधाम से मनाई गई बलराम पूर्णिमा, 1500 भक्तों ने लिया भक्ति उत्सव में हिस्सा

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा इस्कॉन नोएडा स्थित गोविन्द धाम एवं भक्तिवेदान्त एकेडमी में शुक्रवार, 28 अगस्त 2026 को भगवान बलराम के जन्मोत्सव बलराम पूर्णिमा का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया गया। इस पावन अवसर पर करीब 1,500 भक्तों ने उत्सव में सहभागिता कर भगवान बलराम की दिव्य लीलाओं एवं महिमा का श्रवण-कीर्तन किया।
उत्सव का शुभारंभ सुबह 11 बजे भावपूर्ण भजन-कीर्तन के साथ हुआ। इसके बाद श्रीकृष्ण-बलराम जी का दूध, दही, शहद, घी, फलों के रस एवं पुष्पों से विधिवत एवं भव्य अभिषेक किया गया। भगवान बलराम को नवीन वस्त्र धारण कराकर विशेष श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
बलराम पूर्णिमा के विशेष अवसर पर भगवान बलराम को प्रिय वारुणी का भोग भी अर्पित किया गया। इसके अतिरिक्त देश-विदेश के विभिन्न व्यंजनों से तैयार 108 से अधिक प्रकार के पकवानों का भोग भगवान को समर्पित किया गया। भोग में विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के साथ परांठे, पूरी, कचौड़ी, सब्जियां, पकौड़े, केक, बिस्किट, पेस्ट्री सहित अनेक व्यंजन शामिल रहे।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान बलराम को आध्यात्मिक शक्ति एवं गुरु-तत्त्व का स्वरूप माना जाता है। इस अवसर पर भक्तों ने भगवान बलराम के चरणों में प्रार्थना कर भक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए आध्यात्मिक शक्ति, सद्बुद्धि एवं आशीर्वाद की कामना की।
उत्सव के दौरान भक्तों एवं अतिथियों के लिए स्वादिष्ट भोजन-प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई। वहीं, शाम को पारंपरिक मटकी फोड़ उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक आनंद से सराबोर नजर आया।
बलराम पूर्णिमा का यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए भगवान बलराम की महिमा एवं कृपा का स्मरण करने के साथ-साथ सामूहिक रूप से भक्ति, सेवा और आनंद का अनुभव करने का विशेष अवसर बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *