एंटी करप्शन कार्रवाई के विरोध में लेखपालों का धरना, जमकर की नारेबाजी

एंटी करप्शन कार्रवाई के विरोध में लेखपालों का धरना, जमकर की नारेबाजी
मीरजापुर। अयोध्या की सोहावल तहसील में लेखपाल के खिलाफ हुई एंटी करप्शन कार्रवाई को लेकर प्रदेशभर के लेखपालों में आक्रोश है। शनिवार को जिले के मड़िहान एवं लालगंज तहसील परिसर में लेखपालों ने धरना-प्रदर्शन कर एंटी करप्शन और विजिलेंस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
लेखपाल संघ का कहना है कि वह भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं करता। रिश्वत लेने या मांगने वाले कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन किसी निर्दोष लेखपाल को निजी रंजिश, झूठी शिकायत या फर्जी ट्रैप के जरिए फंसाया जाना स्वीकार्य नहीं है। संघ ने 20 अगस्त 2026 को अयोध्या के सोहावल में लेखपाल उत्कर्षदीप के खिलाफ हुई कार्रवाई की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। मांग की गई कि मामले से जुड़े सीसीटीवी  फुटेज, वीडियो, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और शिकायत की पूरी प्रक्रिया की जांच कर वास्तविकता सामने लाई जाए। इसी मुद्दे को लेकर प्रदेश के 75 जनपदों की 351 तहसीलों में लेखपालों ने कलमबंद हड़ताल एवं धरना-प्रदर्शन किया। लालगंज और मड़िहान में भी लेखपालों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और शासन से निर्दोष कर्मचारी को न्याय दिलाने तथा फर्जी एवं दुर्भावनापूर्ण ट्रैप कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। लेखपाल संघ ने मुख्यमंत्री से ट्रैप कार्रवाई से पहले शिकायत की सत्यता और शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि की जांच अनिवार्य करने तथा लेखपालों के लिए स्पष्ट एवं पारदर्शी एसओपी जारी करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *