कलेक्ट्रेट में नए एनआईसी कार्यालय का उद्घाटन, डिजिटल प्रशासन को मिलेगा बल

कलेक्ट्रेट में नए एनआईसी कार्यालय का उद्घाटन, डिजिटल प्रशासन को मिलेगा बल

जौनपुर, 20 अप्रैल । यूपी के जौनपुर में तकनीकी कार्यकुशलता और प्रशासनिक सुगमता को सुदृढ़ करने की दिशा में कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के नवनिर्मित कार्यालय का भव्य उद्घाटन मंडलायुक्त वाराणसी एस. राजलिंगम ने वर्चुअल माध्यम से भवन का उद्घाटन किया, जबकि जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने फीता काटकर विधिवत पूजन-अर्चन किया और पुजारी को अंगवस्त्रम भेंट किया।
जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह ने बताया कि पूर्व में एनआईसी कार्यालय जर्जर भवन में संचालित हो रहा था, जिससे विशेषकर बरसात के दौरान छत से पानी टपकने के कारण तकनीकी उपकरणों, इंटरनेट कनेक्टिविटी और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में बाधाएं आती थीं। इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए ‘क्रिटिकल गैप्स फंड’ के तहत आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त भवन का निर्माण कराया गया है।
नए कार्यालय में अत्याधुनिक सर्वर, उच्च गति इंटरनेट और उन्नत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे शासन और जनपद प्रशासन के बीच निर्बाध संवाद सुनिश्चित होगा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को परिसर में स्वच्छता के उच्च मानक बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में एक बड़े हॉल के निर्माण की योजना प्रस्तावित है, जिसका उपयोग बैठकों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन के लिए किया जाएगा।
इस मौके पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, अतिरिक्त उपजिलाधिकारी सुनील भारती, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी रजनीश श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *