कल्याणी देवी मंदिर में गर्भगृह में सेल्फी पर लगी रोक
भीड़ को देखते हुए समिति ने लिया निर्णय, नवरात्र में ब्राह्मण कर रहे शतचंडी महायज्ञ
प्रयागराज। शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को प्राचीन शक्तिपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही मंदिर के बाहर भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। घंटा-घड़ियाल, शंखनाद और ‘जय माता दी’ के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
नवरात्र के चलते मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन कराया जा रहा है। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की गई है। मंदिर प्रबंध समिति ने गर्भगृह में सेल्फी लेने पर स्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। अब श्रद्धालु माता के दर्शन के बाद गर्भगृह के बाहर से तस्वीर ले सकेंगे।
मंदिर के मुख्य पुजारी पं. श्यामजी पाठक ने भोर में माता की विशेष मंगला आरती और महारुद्राभिषेक संपन्न कराया। वहीं, पं. संतोष कुमार मिश्र के नेतृत्व में 11 ब्राह्मण मंदिर परिसर में शतचंडी महायज्ञ करा रहे हैं। इसके साथ ही दुर्गा सप्तशती का पाठ भी किया जा रहा है।
दर्शन के लिए पहुंच रहे भक्तों को कतारबद्ध तरीके से मंदिर में प्रवेश दिया जा रहा है। श्रद्धालु माता के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना कर रहे हैं।
नवरात्र के शुभारंभ पर मंदिर प्रबंध समिति ने गर्भगृह में सेल्फी लेने पर रोक लगाने का फैसला किया। मंदिर के पुजारियों के मुताबिक, सेल्फी लेते समय श्रद्धालुओं की पीठ माता की ओर हो जाती है। इससे पूजा की मर्यादा और अनुशासन प्रभावित होता है।
इसी को देखते हुए गर्भगृह में सेल्फी लेने पर स्थायी प्रतिबंध लगाया गया है। श्रद्धालु दर्शन के बाद गर्भगृह के बाहर से तस्वीर ले
सकेंगे।

