कार सवार युवकों ने आधी रात कई लोगों को मारी टक्कर
पुलिस ने किया घटना की जानकारी से इन्कार
प्रयागराज। शाहगंज थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात तेज रफ्तार कार सवार युवकों ने कई लोगों को टक्कर मार दी। कार में चार युवक सवार थे। बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद लोगों ने पीछा किया तो चालक गाड़ी लेकर भागने लगा और रास्ते में ई-रिक्शा चालक, ठेले वाले समेत कई राहगीरों को चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब आधे घंटे तक शाहगंज से करेली तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटना का वीडियो भी सामने आया है। स्थानीय लोग कार सवारों की पहचान कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, शाहगंज और कोतवाली थाना प्रभारियों ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10 बजे एक कार कॉल्विन अस्पताल की ओर से शाहगंज पहुंची। शाहगंज थाने के पास कार सवारों ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद रुकने के बजाय चालक कार लेकर भागने लगा। स्थानीय लोगों ने पीछा किया तो उसने रफ्तार और बढ़ा दी।
लोगों के अनुसार कार रोशनबाग और मुस्तफा कॉम्प्लेक्स होते हुए करेली के बख्शी पुल की ओर भागी। इस दौरान ई-रिक्शा चालक, ठेले वाले और कई राहगीर उसकी चपेट में आ गए। राहत की बात यह रही कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय लोगों ने घटना का वीडियो बनाया है। इसमें पीछा कर रहे लोग कार चालक को रुकने का इशारा करते नजर आते हैं, लेकिन वह गाड़ी नहीं रोकता। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि कार सवारों ने बाइक से पीछा कर रहे लोगों को भी टक्कर मारने की कोशिश की।

