किताबों के अध्ययन से होता है व्यापक ज्ञान: कुलपति

किताबों के अध्ययन से होता है व्यापक ज्ञान: कुलपति

जौनपुर। भारत सरकार के विज्ञान ज्योति कार्यक्रम के अंतर्गत जवाहर नवोदय विद्यालय, मड़ियाहूं की छात्राओं ने मंगलवार को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं ने आधुनिक प्रयोगशालाओं, वैज्ञानिक उपकरणों और विभिन्न विभागों में संचालित शोध गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि पुस्तकों का नियमित अध्ययन ज्ञान और समझ को व्यापक बनाता है। केवल पढ़ना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि पढ़ी गई बातों पर आत्मचिंतन और मनन करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त जानकारी के लिए ऑनलाइन मीडिया और डिजिटल संसाधनों का उपयोग किया जा सकता है।कुलपति ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को एनसीईआरटी की पुस्तकों का गहन अध्ययन करना चाहिए।अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव एवं प्रो. मिथिलेश सिंह ने छात्राओं को विज्ञान और तकनीकी शिक्षा के महत्व से अवगत कराया। विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. प्रदीप कुमार ने आधुनिक जैव प्रौद्योगिकी तकनीकों की जानकारी दी। छात्राओं ने डीएनए फिंगरप्रिंटिंग की उपयोगिता को भी समझा।भ्रमण के दौरान छात्राओं ने प्रो. राजेंद्र सिंह भौतिकीय विज्ञान अध्ययन एवं शोध संस्थान के साथ विज्ञान, फार्मेसी और इंजीनियरिंग संकायों का अवलोकन किया। डॉ. सुजीत चौरसिया, डॉ. धीरेंद्र चौधरी, डॉ. काजल डे, डॉ. विजय शंकर और नवोदय विद्यालय के कार्यक्रम समन्वयक बाल कृष्ण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *