(कुशीनगर) गन्ना कृषक अपना सर्वे सट्टा, मोबाइल एवं बैंक खाते सहित अन्य अभिलेखों का अवश्य कर लें मिलान:- डीसीओ 

(कुशीनगर) गन्ना कृषक अपना सर्वे सट्टा, मोबाइल एवं बैंक खाते सहित अन्य अभिलेखों का अवश्य कर लें मिलान:- डीसीओ
—- 14 से 30 सितंबर तक जनपद की सभी गन्ना समितियों पर आयोजित होगा समिति स्तरीय सट्टा प्रदर्शन मेला।
कुशीनगर, 13 सितंबर (आरएनएस)। आगामी पेराई सत्र के लिए गन्ना विभाग द्वारा कराए गए सर्वे के उपरांत 20 जुलाई से 30 अगस्त तक ग्रामवार सर्वे सट्टा प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जनपद की 14 गन्ना समितियों के 1488 ग्रामों में प्राप्त सर्वे सट्टा संबंधी आपत्तियों का निस्तारण किया गया है। बीते 05 सितंबर से कृषकों को प्री-कैलेंडर, कच्चा कैलेंडर वितरित किया जा रहा है।
उक्त जानकारी जिला गन्ना अधिकारी हूदा सिद्दीकी ने देते हुए बताया कि कृषकों के सर्वे सट्टा संबंधी आंकड़े विभागीय वेबसाइट enquiry.caneup.in तथा ई-गन्ना एप पर भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं। कृषक अपने सर्वे सट्टा, मोबाइल नंबर, बैंक खाता संख्या, आधार संख्या, खतौनी तथा गन्ना प्लाटों के क्षेत्रफल एवं प्रजाति आदि का मिलान अवश्य कर लें। किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर कृषक विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के साथ ही टोल फ्री नंबर 1800-121-3203 पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त कृषक अपनी संबंधित गन्ना समिति के इन्क्वायरी टर्मिनल पर भी सर्वे सट्टा संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि कृषकों की समस्याओं एवं आपत्तियों के त्वरित समाधान के लिए जनपद की सभी गन्ना समितियों पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समिति स्तरीय सट्टा प्रदर्शन मेला आयोजित किया जाएगा। मेले में कृषक अपने सर्वे सट्टा एवं अन्य अभिलेखों से संबंधित आपत्तियों का समाधान करा सकेंगे। उन्होंने बताया कि समिति वार मेला आयोजन का कार्यक्रम के क्रम में सेवरही, दुदही एवं तरयासुजान गन्ना समिति में 14 से 23 सितंबर तक, कठकुइयां में 14 से 23 सितंबर तक, पडरौना में 16 से 25 सितंबर तक, रामकोला (के.) एवं रामकोला (पी.) में 15 से 24 सितंबर तक, कप्तानगंज में 14 से 23 सितंबर तक, बोदरवार में 14 से 23 सितंबर तक, हाटा में 15 से 22 सितंबर तक, कसया में 22 से 30 सितंबर तक, लक्ष्मीगंज में 14 से 23 सितंबर तक, खड्डा में 14 से 23 सितंबर तक तथा छितौनी में 15 से 24 सितंबर तक समिति स्तरीय सट्टा प्रदर्शन मेले का आयोजन किया जाएगा।
डीसीओ ने कृषकों से अपील किया है कि गन्ना आपूर्ति के लिए पर्ची मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से प्राप्त होगी तथा गन्ना मूल्य का भुगतान सीधे कृषक के बैंक खाते में किया जाएगा। इसलिए सभी कृषक अपने मोबाइल नंबर, बैंक खाता संख्या, आधार संख्या, खतौनी तथा गन्ने के प्लाट का क्षेत्रफल एवं प्रजाति आदि का सही-सही मिलान कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि जो कृषक गन्ना समिति के नए सदस्य बनना चाहते हैं, वे आगामी 30 सितंबर तक ऑन लाइन आवेदन कर उसकी प्रति संबंधित समिति कार्यालय में जमा कर सकते हैं। जिन कृषकों का बेसिक कोटा कम हो रहा है और उनका वास्तविक उत्पादन अधिक है, वे भी 30 सितंबर तक उपज बढ़ोतरी हेतु समिति में आवेदन कर सकते हैं। डीसीओ ने बताया कि यदि गन्ने की खेती करने वाले कोई कृषक किन्हीं कारणों से अभी तक गन्ना समिति के सदस्य नहीं बन पाए हैं, तो वे अपने क्षेत्र से संबंधित गन्ना समिति के इन्क्वायरी टर्मिनल पर निःशुल्क ऑनलाइन सदस्यता फार्म भर सकते हैं। सदस्यता के लिए कृषक से मात्र 21 रूपए लिया जाएगा। शेष ₹200 अंश राशि उसकी भविष्य में होने वाली गन्ना आपूर्ति की प्रथम पर्ची से समायोजित की जाएगी तथा उसे अंश प्रमाण-पत्र जारी किया जाएगा। उन्होंने कृषकों से अपील किया है कि सदस्यता के लिए आवेदन करते समय खतौनी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं फोटोग्राफ साथ अवश्य लेकर आएं तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी सदस्यता एवं अन्य आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करा लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *