(कुशीनगर) सेवा संकल्प अभियान के तहत  आयोजित होगे विविध कार्यक्रम:- मुख्य विकास अधिकारी

(कुशीनगर) सेवा संकल्प अभियान के तहत  आयोजित होगे विविध कार्यक्रम:- मुख्य विकास अधिकारी
—- 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, अधिकारियों को व्यापक स्तर पर तैयारियां सुनिश्चित करने का दिया गया निर्देश।
कुशीनगर, 11 सितम्बर (आरएनएस)। मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों एवं विभागीय कार्ययोजना की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत- 2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अभियान के अंतर्गत रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर तथा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों के वितरण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को सभी विकास खंडों, ग्राम पंचायतों एवं न्याय पंचायतों में व्यापक स्तर पर संचालित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रमुख मार्गों, नवनिर्मित स्थलों, भवनों, कार्यालयों, प्रमुख स्थानों एवं चौराहों सहित नदियों/घाटों के आसपास भी जनजागरूकता एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियां कराई जाएं। जनपद की सभी विधान सभाओं में आयोजित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नए निर्माण स्थलों,भवनों, कार्यालयों, प्रमुख नदी घाटों, चौराहों पर दीप प्रज्वलित किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विद्यालयों में प्रभात फेरी निकालने तथा छात्र-छात्राओं के मध्य विभिन्न विषयों पर वाद-विवाद एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कक्षा 5 से 8 तक ड्राइंग, 9 से 12 तक भाषण प्रतियोगिता तथा उच्च शिक्षण संस्थानों में संवाद तथा विकसित भारत विकसित उत्तर प्रदेश की थीम पर भाषण/डिबेट आयोजित किया जाए।प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले सभी प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने तथा विजेताओं के चयन में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात कही। अभियान के दौरान विभिन्न विषयों से संबंधित वॉल पेंटिंग, सघन वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर, वंचित बच्चों की शिक्षा में सहयोग, मतदाता जागरूकता एवं नशा मुक्ति से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्रों पर 3 दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाए।आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सार्वजनिक सम्मान करते हुए माताओं को पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। हेल्दी बेबी प्रतियोगिता आयोजित कराने पर भी जोर दिया गया।
सरकार की विकास परक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराने तथा पैदल, साइकिल एवं मोटरसाइकिल रैलियों के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के सभी कार्यक्रमों में जनभागीदारी को केंद्र में रखते हुए प्रभावी प्रचार-प्रसार एवं समन्वय सुनिश्चित किया जाए, जिससे अभियान के उद्देश्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, परियोजना निदेशक, एनआरएलएम, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *