कोच्चि नगर निगम के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था का किया निरीक्षण
लखनऊ ( आरएनएस )। शहर में कूड़ा निस्तारण और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम की ओर से किए जा रहे कार्यों का जायजा लेने के लिए केरल के कोच्चि नगर निगम का प्रतिनिधिमंडल 28 और 29 अक्टूबर को लखनऊ पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने शिवरी कूड़ा निस्तारण संयंत्र, राष्ट्र प्रेरणा स्थल, वेस्ट टू वंडर पार्क, सामग्री पुनर्प्राप्ति केंद्र और निर्माण एवं विध्वंस कचरा निस्तारण संयंत्र का निरीक्षण किया। कोच्चि के प्रतिनिधियों ने लखनऊ में अपनाई जा रही व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इन्हें अपने शहर में भी लागू करने की इच्छा जताई।लालबाग स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय में महापौर सुषमा खर्कवाल, कार्यकारिणी उपाध्यक्ष सुशील तिवारी पम्मी, नगर आयुक्त गौरव कुमार और अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। कोच्चि की महापौर मिनिमोल वी. के. के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल में उप महापौर वी. आर. सुधीर, नगर निगम सचिव शिबू पी. एस., महापौर की सहयोगी अधिकारी जे. अनुपमा सहित पार्षद और अन्य अधिकारी शामिल रहे।28 अक्टूबर को प्रतिनिधिमंडल ने शिवरी स्थित कूड़ा निस्तारण संयंत्र का निरीक्षण किया। यहां अधिकारियों ने बताया कि वर्षों से जमा पुराने कूड़े को हटाने के लिए विस्तृत योजना तैयार कर शासन से स्वीकृति ली गई थी। इसके बाद पुराने कूड़े को हटाने का काम शुरू किया गया। खाली कराई गई जमीन पर चरणबद्ध तरीके से ताजा कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए तीन संयंत्र स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से शहर से निकलने वाले कूड़े का निस्तारण किया जा रहा है। अधिकारियों ने नारियल सहित विभिन्न प्रकार के कचरे के निस्तारण की व्यवस्था की जानकारी भी दी। संयंत्र में प्रतिदिन होने वाले कार्यों और उनकी गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भी स्थापित की गई है।इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर पुराने कूड़े के निस्तारण के कार्यों का जायजा लिया। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यहां जमा पुराने कूड़े को हटाने और उसका उचित निस्तारण करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल को घर-घर से कूड़ा एकत्र करने, उसे निस्तारण संयंत्रों तक पहुंचाने और इस काम में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों की व्यवस्था के बारे में भी बताया गया। इस दौरान बिजली से चलने वाले वाहनों के उपयोग की जानकारी भी दी गई।29 अक्टूबर को प्रतिनिधिमंडल ने वेस्ट टू वंडर पार्क, सामग्री पुनर्प्राप्ति केंद्र और निर्माण एवं विध्वंस कचरा निस्तारण संयंत्र का निरीक्षण किया। यहां कूड़े को अलग-अलग श्रेणियों में बांटने, उपयोगी सामग्री छांटने, उसका दोबारा इस्तेमाल करने और निर्माण कार्यों से निकलने वाले मलबे के निस्तारण की प्रक्रिया समझाई गई।कोच्चि की महापौर मिनिमोल वी. के. ने लखनऊ में कूड़ा प्रबंधन के लिए अपनाई जा रही व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि कोच्चि में भी इन तरीकों को अपनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। इस दौरे से दोनों नगर निगमों को कूड़ा निस्तारण, पुराने कचरे से खाली हुई जमीन के दोबारा उपयोग और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने का अवसर मिला।
————-

