(कोरबा) फैमिली कोर्ट की जज नीता यादव होंगी कोरबा की नई प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश

(कोरबा) फैमिली कोर्ट की जज नीता यादव होंगी कोरबा की नई प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश
कोरबा,12 सितंबर (आरएनएस)।  छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने न्यायिक सेवा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कोरबा फैमिली कोर्ट की जज श्रीमती नीता यादव को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, कोरबा के पद पर पदस्थ किया है। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल राजीश श्रीवास्तव के हस्ताक्षर से जारी आदेश में यह नियुक्ति की गई है।
हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक श्रीमती नीता यादव वर्तमान में जज, फैमिली कोर्ट, कोरबा के पद पर पदस्थ थीं। उन्हें कोरबा से स्थानांतरित कर किसी अन्य स्थान पर भेजने के बजाय कोरबा में ही प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में पदस्थ किया गया है।आदेश में स्पष्ट किया गया है कि वे अपने नए पद का कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा कोरबा सत्र संभाग की सत्र न्यायाधीश के रूप में कार्य करेंगी।
हाईकोर्ट ने श्रीमती नीता यादव को निर्देश दिया है कि वे 16 सितंबर 2026 या उससे पहले नए पद का कार्यभार ग्रहण करें और कार्यभार ग्रहण एवं छोड़ने की रिपोर्ट हाईकोर्ट को भेजें। यदि वे शासकीय आवास में हैं तो उसे 26 सितंबर 2026 तक खाली करने का निर्देश भी आदेश में दिया गया है।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश का पद जिले की न्यायिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में फैमिली कोर्ट से अब प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की जिम्मेदारी मिलने से न्यायिक महकमे में इस आदेश को अहम माना जा रहा है। हाईकोर्ट के आदेश से साफ है कि कोरबा की न्यायिक व्यवस्था की कमान अब श्रीमती नीता यादव के हाथों में होगी। आदेश 11 सितंबर 2026 को बिलासपुर से जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *