खेतासराय में गाजी मियां मेले पर प्रशासन का प्रतिबंध,नहीं लगेगा मेला

खेतासराय में गाजी मियां मेले पर प्रशासन का प्रतिबंध,नहीं लगेगा मेला

14 मई को प्रस्तावित मेले पर रोक, पुलिस की कड़ी निगरानी

जौनपुर,13 मई।। यूपी के जौनपुर में प्रदेश सरकार के सख्त रुख के बाद जौनपुर जिले के खेतासराय कस्बे में 14 मई को प्रस्तावित सैयद सालार मसूद गाजी मियां के मेले पर प्रशासन ने पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। शासन के निर्देश के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार मेला क्षेत्र में निगरानी कर रहे हैं, ताकि बिना अनुमति किसी प्रकार का आयोजन न हो सके।
खेतासराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने मेला स्थल और आसपास के इलाकों में कड़ा पहरा बैठा दिया है। प्रशासन का कहना है कि इस बार न तो झूले, सर्कस, चरखी और अस्थायी दुकानें लगेंगी और न ही किसी प्रकार की सार्वजनिक गतिविधि की अनुमति दी जाएगी। पुलिस की सक्रियता के चलते मेले से जुड़े मुजावर और दफाली भी खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं।
मेले की पारंपरिक तैयारियों से जुड़े शुकरुल्ला दफाली, मोछू दफाली, फिरोज जोगी, अलाऊद्दीन जोगी और उजागिर जोगी ने दबी जुबान स्वीकार किया कि शासन की अनुमति न मिलने के कारण इस बार मेला आयोजित नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सख्ती को देखते हुए किसी प्रकार का जोखिम नहीं लिया जाएगा।
जिला प्रशासन के अनुसार, प्रदेश में संभल और बहराइच में ऐसे आयोजनों पर रोक लगाए जाने के बाद जौनपुर में भी सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। जिला मजिस्ट्रेट सैमुअल पॉल एन. ने शाहगंज तहसील प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का आयोजन नहीं होने दिया जाए।
शाहगंज के क्षेत्राधिकारी गिरीन्द्र सिंह ने कहा कि शासन के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति या समिति बिना अनुमति मेला लगाने का प्रयास करती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा।
खेतासराय थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, कस्बा प्रभारी अनिल कुमार पाठक, उप निरीक्षक तारीक अंसारी, संजय पांडेय, कांस्टेबल आशुतोष तिवारी, अंबिका यादव और अभिमन्यु सिंह महिला पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में

निगरानी कर रहे हैं।
बताया जाता है कि खेतासराय में लगने वाला यह मेला पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से आने वाले हजारों लोगों की भीड़ के कारण चर्चित रहा है। इस बार प्रशासन की सख्ती के चलते पहले से दुकान और अन्य व्यवस्थाओं की बुकिंग भी नहीं हुई। कुछ छोटे दुकानदार पहुंचे जरूर, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद वापस लौट गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *