गाजियाबाद का नाम बदलने की मांग तेज, लोनी विधायक ने रखा ‘महाराजा अग्रसेन नगर’ का प्रस्ताव

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : नंद किशोर गुर्जर ने गाजियाबाद का नाम बदलने की मांग उठाते हुए इसे ‘महाराजा अग्रसेन नगर’ किए जाने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से औपचारिक मांग करने की बात कही है।
शनिवार को नवयुग मार्केट में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान विधायक ने कहा कि गाजियाबाद का वर्तमान नाम एक ऐसे शासक गाजीउद्दीन से जुड़ा है, जिन्हें उन्होंने क्रूर और लुटेरा बताया। उनका कहना था कि स्वतंत्रता के दशकों बाद भी ऐसे नाम का बने रहना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पूर्व में इलाहाबाद और फैजाबाद जैसे शहरों के नाम बदलकर भारतीय सांस्कृतिक पहचान को पुनर्स्थापित करने का प्रयास किया गया है। उसी क्रम में गाजियाबाद का नाम भी बदलकर महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखा जाना चाहिए।
विधायक गुर्जर ने महाराजा अग्रसेन के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि उन्होंने जनकल्याण और सामाजिक समरसता को बढ़ावा दिया। उनके अनुसार, अग्रसेन द्वारा अपनाई गई नीतियां—जैसे मांसाहार का विरोध और बाहरी लोगों को सहयोग—समाज के लिए प्रेरणादायक रही हैं।
इस मांग का समर्थन करते हुए ‘जनपद महाराजा अग्रसेन नगर नाम परिवर्तन संघर्ष समिति’ के अध्यक्ष रूपचंद नागर ने बताया कि यह मुद्दा लंबे समय से उठाया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि इस संबंध में हाई कोर्ट में याचिका भी दायर की गई थी, लेकिन अदालत ने इसे नीतिगत मामला बताते हुए अंतिम निर्णय राज्य सरकार पर छोड़ दिया।
समिति और विधायक ने जिले के अन्य जनप्रतिनिधियों से भी इस प्रस्ताव का समर्थन करने की अपील की है, ताकि इसे शासन स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *