ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : नोएडा के सेक्टर 62 स्थित रजत विहार सोसायटी में एक कार सवार युवक की दबंगई का मामला सामने आया है। गेट पर बैरियर समय पर नहीं खुलने से नाराज युवक ने पहले अपनी कार से बैरियर को तोड़ दिया और विरोध करने पर ड्यूटी पर तैनात गार्ड के साथ मारपीट की।
यह घटना 1 मई को दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है, जिसका वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। लगभग 21 सेकंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि सोसायटी गेट पर एंट्री पॉइंट पर एक ट्रक और एक कार पहले से खड़ी हैं। इसी दौरान अंदर की ओर से एक काली बलेनो कार आती है और कुछ सेकंड के लिए बैरियर पर रुकती है।
इसके बाद चालक अचानक तेज़ी से कार बढ़ाते हुए बैरियर को तोड़ देता है। बैरियर क्षतिग्रस्त होने के बाद युवक कार को थोड़ी दूरी पर रोकता है, बाहर निकलता है और गार्ड को धक्का देकर जमीन पर गिरा देता है।
मामला सेक्टर 58 थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

