गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित कनावनी गांव में आज दोपहर अचानक लगी भीषण आग में सैकड़ो झुग्गी-झोपड़ियाँ जलकर हुई खाक

ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित कनावनी गांव में आज दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने लगभग 200 से ज्यादा झुग्गी-झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं और लपटों से घिर गया।
आग लगते ही झुग्गियों में रखे गैस सिलेंडर एक-एक कर फटने लगे, जिससे हालात और भयावह हो गए। धमाकों की तेज आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जबकि आसमान में उठता धुएं का गुबार करीब सात -आठ किलोमीटर दूर से नजर आया। स्थानीय लोग अपने परिवार और जरूरी सामान को बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दिए। स्थिति को देखते हुए नोएडा सहित आसपास के इलाकों से भी दमकल वाहन बुलाए गए। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर लगभग 90% नियंत्रण पा लिया गया। प्रशासन का मुख्य फोकस आग को पास के रिहायशी इलाकों में फैलने से रोकना था। उजड़े घर, बिखरे सपने, लाखों का नुकसान
इस हादसे में सैकड़ों परिवार बेघर हो गए। कई लोगों का वर्षों की मेहनत से जुटाया गया सामान पल भर में जलकर राख हो गया।
शादी के लिए रखा गया सामान और नकदी नष्ट
कबाड़ और पन्नी के कारोबारियों को भारी नुकसान
कई परिवारों की पूरी गृहस्थी खत्म
पीड़ितों के अनुसार, कुछ लोगों को 1 से 4 लाख रुपए तक का नुकसान हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झुग्गियों में खाना बनाते समय तिरपाल में आग लगी, जो पास में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण तेजी से फैल गई। प्रशासन ने आग के वास्तविक कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं।
घटना के बाद एंबुलेंस, पुलिस और राहत टीमें मौके पर तैनात की गईं, जबकि आसपास के अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *