ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के मोहन नगर स्थित आनंद इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार सुबह एक खिलौना निर्माण फैक्ट्री में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना सुबह लगभग 9:00 बजे के आसपास फायर विभाग को मिली, जिसके बाद दमकल की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना हुईं।
मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि प्लॉट नंबर 172/2 स्थित टेक्नी बर्ड्स फैक्ट्री की पहली मंजिल पर रखी लकड़ियों में आग लगी हुई थी। इसी दौरान आग की चपेट में पास स्थित प्लॉट नंबर 172/B में मौजूद Ess EM Electricals की छत पर लगा इंडस कंपनी का टावर भी आ गया। आग के तेजी से फैलने की आशंका के चलते आसपास की फैक्ट्रियों में भी खतरा उत्पन्न हो गया था।
दमकल विभाग की टीम ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का कार्य शुरू किया। अधिकारियों के निर्देशन में की गई त्वरित और समन्वित कार्रवाई के चलते कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया गया, जिससे संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। साथ ही समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने के कारण आसपास की अन्य फैक्ट्रियों और भवनों को भी सुरक्षित बचा लिया गया।
आग बुझाने के बाद दमकल विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए और इसके पश्चात फायर की गाड़ियां वापस फायर स्टेशन लौट गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

